किरंदुल नगर पालिका उपाध्यक्ष चुनाव : बबलू सिद्दीकी ने रचा इतिहास, भाजपा को करारी शिकस्त

दंतेवाड़ा hct : किरंदुल नगर पालिका परिषद के उपाध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस को बड़ी सफलता मिली है। वार्ड क्रमांक 10 के पार्षद बबलू सिद्दीकी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अधिकृत प्रत्याशी राजकुमार सोनी को हराकर नगर पालिका उपाध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया।
यह चुनाव इसलिए भी महत्वपूर्ण था क्योंकि भाजपा के विधायक समेत पूरी पार्टी मशीनरी इस चुनाव को अपने पक्ष में करने के लिए पूरी ताकत झोंक चुकी थी। भाजपा के चुनाव प्रभारी सत्यजीत चौहान और अन्य वरिष्ठ नेता कई दिनों से किरंदुल में डेरा डाले हुए थे, ताकि अपने प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित कर सकें। बावजूद इसके, बबलू सिद्दीकी की कुशल रणनीति और राजनीतिक सूझबूझ के सामने भाजपा की तमाम कोशिशें विफल रहीं।
रणनीति के आगे भाजपा बेबस
किरंदुल नगर पालिका के 18 वार्डों में चुनाव के बाद स्थिति उलझी हुई थी, क्योंकि किसी भी पार्टी को सीधी बढ़त नहीं मिल पाई थी। ऐसे में उपाध्यक्ष पद के लिए होने वाला यह चुनाव बेहद अहम बन गया था। बबलू सिद्दीकी ने कुशल नेतृत्व का परिचय देते हुए पार्षदों का समर्थन हासिल किया और अंततः जीत दर्ज की।
बस्तर में भाजपा की योजना को बड़ा झटका
दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा जिले की पांचों नगर पालिकाओं में भाजपा का दबदबा माना जा रहा था। लेकिन किरंदुल में कांग्रेस को मिली इस सफलता ने भाजपा की योजना पर पानी फेर दिया। भाजपा के बड़े नेता चुनाव परिणाम के बाद अचानक नदारद हो गए, जिससे कार्यकर्ताओं में मायूसी देखी गई।
बबलू सिद्दीकी की इस जीत ने नगर की राजनीति को एक नया मोड़ दे दिया है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह परिणाम आगामी चुनावों पर भी असर डाल सकता है।
