उमरिया में घर से मुर्गा बनाकर खाने गया था, दोस्त के पिता ने कुल्हाड़ी से वार कर मार डाला
मध्य प्रदेश में उमरिया के मानपुर में दिल दहलाने वाली घटना हुई। बेटा और उसका दोस्त मुर्गा और चावल खा रहे थे तभी कुल्हाड़ी से हमला किया। घटना के बारे में कोई कुछ समझ ही नहीं सका। जब तक आरोपित गिरफ्तार नहीं हो जाता हत्या की वजह का पता नहीं चल पाएगा।

HIGHLIGHTS
- घटना के बाद मौके पर ही संजय बैगा की मौत हो गई।
- अंजाम देने के बाद आरोपित घटना स्थल से भाग गया।
- आरोपित का बेटा भी हमला करने के दौरान मौजूद था।
मानपुर उमरिया (Umaria Crime)। मानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम दुल्हरा में बीती रात एक युवक की उसके दोस्त के पिता ने कुल्हाड़ी से हमला करके हत्या कर दी। घटना में मरने वाले युवक का नाम संजय पिता चुन्नीलाल बैग उम्र 25 वर्ष बताई गई है। संजय बैगा की हत्या पास में ही रहने वाले राम सुहावन चौधरी उम्र 55 वर्ष ने कुल्हाड़ी से हमला करके की है। घटना के बाद मौके पर ही संजय बैगा की मौत हो गई थी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपित घटना स्थल से भाग गया। घटना के दौरान आरोपित का बेटा भी मौजूद था जो कि मृतक संजय बैगा का दोस्त बताया जा रहा है।
अचानक हुई घटना
मानपुर थाना प्रभारी मुकेश मर्सकोले का कहना है कि अभी तक हत्या की कोई वजह सामने नहीं आई है। उन्होंने बताया कि जब तक आरोपित गिरफ्तार नहीं हो जाता हत्या की वजह का पता नहीं चल पाएगा। हालांकि उन्होंने यह जरूर बताया कि यह घटना अचानक से हुई है। मृतक संजय बैगा अपने दोस्त के साथ बैठा हुआ था इसी दौरान आरोपित वहां पहुंचा और उसने कुल्हाड़ी से संजय बैगा पर दनादन वार करना शुरू कर दिया। घटना के बारे में कोई कुछ समझ ही नहीं सका।
मुर्गा बनाकर ले गया था
यह जानकारी भी सामने आ रही है कि मृतक संजय बैगा ने शाम को अपने घर पर मुर्गा बनाय था और उसे खाने के लिए वह अपने साथ ले गया था। अनुमान लगाया जा रहा है कि मुर्गा खाने के लिए उसने आरोपित के बेटे को भी बुलाया था और संभवत: इसी बात से आरोपित नाराज भी था। हालांकि अभी तक इस बात की कहीं से किसी ने पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपित को तलाश लिया जाएगा और उससे पूछताछ में हत्या की वजह सामने आएगी।




