Welcome to CRIME TIME .... News That Value...

Crime

भोपाल में पीछा करते हुए घर में घुसा बदमाश, महिला का दबाया गला… चिल्लाने पर पड़ोसी आए तो बची जान

भोपाल के टीटी नगर थाना क्षेत्र की पत्रकार कॉलोनी में रहने वाली महिला का पीछा करते हुए बदमाश मकान की पहली मंजिल पर स्थित उसके कमरे तक पहुंच गया और बैग, मोबाइल छीनने का प्रयास किया। झूमाझटकी के दौरान उसने महिला का गला दबा दिया। महिला ने शोर मचाया तो पड़ोसी आए। यह देख बदमाश पहली मंजिल से कूद गया, जिससे उसके पैर में चोट लग गई।

HIGHLIGHTS

  1. अपना ब्यूटी पार्लर बंद कर घर लौटी थी महिला।
  2. घटना के वक्त मकान मालिक घर में नही थे।
  3. पुलिस ने बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है।

भोपाल। राजधानी के पॉश इलाके टीटी नगर की पत्रकार कालोनी में एक बदमाश महिला का पीछा करते हुए घर में घुस गया और लूट का प्रयास किया। महिला ने शोर मचाया तो उसने महिला का गला दबा दिया। आवाज सुनकर पड़ोसी पहुंचे तो बदमाश भागने लगा और पहली मंजिल से कूद गया। इससे वह चोटिल हो गया।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। महिला की शिकायत पर टीटी नगर थाना पुलिस ने बदमाश के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया है। घटना के समय मकान मालिक आरसी जोशी घर में मौजूद नहीं थे। वे अपनी पत्नी के साथ किसी पारिवारिक समारोह में शामिल होने गए थे।

ब्यूटी पार्लर चलाती है महिला

पुलिस के अनुसार 45 वर्षीय पूर्णिमा बाटला अपने परिवार के साथ पत्रकार कॉलोनी में आरसी जोशी के मकान में किराये से रहती हैं। घर के पास ही उनका ब्यूटी पार्लर है। मंगलवार की रात करीब 8:15 बजे पूर्णिमा पार्लर बंद कर पैदल घर लौट रही थीं। रास्ते में एक नशेड़ी विनोद सपकाडे ने उसका पीछा करना शुरू किया। बदमाश पीछा करते-करते घर की पहली मंजिल में उनके कमरे तक पहुंच गया।

लूट के इरादे से घुसा था बदमाश

यहां बदमाश ने उनके हाथ से बैग और मोबाइल छीनने का प्रयास किया तो पूर्णिमा ने शोर मचाना शुरू कर दिया। इसके बाद बदमाश ने उनका गला घोंटने का प्रयास किया। करीब सात-आठ मिनट तक दोनों के बीच झूमाझटकी चलती रही। इस बीच बदमाश ने उनके साथ मारपीट भी की, तभी उनके पड़ोस में रहने वाले तरुण और रवि घर पहुंच गए। उन्हें देखकर बदमाश भागने लगा और उसने पहली मंजिल से छलांग लगा दी। इससे उसके पैर में चोट आ गई और वह पकड़ा गया।

नशे का आदी है आरोपित

इधर पुलिस ने बताया कि घर के निचले तल में लगे सीसीटीवी कैमरे में आरोपित घर में घुसता हुआ दिखाई दे रहा है। वहां उसने महिला का गला घोंटने का भी प्रयास किया था। महिला के गले में इसके निशान देखे गए हैं। आरोपित विनोद बागसेवनिया इलाके का रहने वाला है और नशे का आदी है। घटना के संबंध में उससे पूछताछ की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page