भरदा शिविर में 28 आवेदनों का निराकरण
सेवा सेतु शिविर में 79 आवेदन मिले, ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं का लाभ

बालोद/गुरुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत 7 अक्टूबर को विकासखंड गुरुर के ग्राम पंचायत भरदा में सेवा सेतु शिविर लगाया गया। शिविर में ग्रामीणों से प्राप्त 79 आवेदनों में से 28 का मौके पर निराकरण किया गया। शेष 51 आवेदनों को निर्धारित समय-सीमा में निराकृत करने की बात अधिकारियों ने कही।
भरदा क्लस्टर की संबंधित ग्राम पंचायतों से 23 से 27 सितंबर तक 17 आवेदन प्राप्त हुए थे। वहीं शिविर के दिन 62 आवेदन मिले। इस तरह क्लस्टर स्तर पर कुल 79 आवेदन दर्ज हुए, जिनमें 28 मामलों का शत-प्रतिशत निराकरण किया गया।
योजनाओं का मिला लाभ
शिविर में महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से दो हितग्राहियों की गोद भराई और दो हितग्राहियों का अन्नप्राशन कराया गया। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने दो हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड तथा एक को निदान पोषण किट प्रदान की।
ग्राम पंचायत भरदा और बगदई को जल जीवन मिशन के तहत जलकर वसूली में उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रमाण-पत्र दिया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पांच हितग्राहियों को आवास पूर्णता प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। ग्राम तारी के एकता स्व-सहायता समूह को स्वच्छता के क्षेत्र में प्रमाण-पत्र मिला।
इसे भी पढ़ें >> गुरूर कॉलेज में राजनीति विज्ञान परिषद गठित
कृषि विभाग ने 10 हितग्राहियों को किसान सम्मान निधि से संबंधित लाभ दिया। राजस्व विभाग ने स्वामित्व योजना के तहत 10 हितग्राहियों को अधिकार अभिलेख (आबादी पट्टा) प्रदान किए। सात हितग्राहियों को डिजिटल ऋण-पुस्तिका भी दी गई।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
शिविर में जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मी अशोक साहू, चन्द्रिका गंजीर, तेजराम साहू, जनपद पंचायत गुरुर अध्यक्ष सुनीता संजय साहू, उपाध्यक्ष दुर्गानंद साहू, सरपंच संघ अध्यक्ष डाकेश साहू, मंडल अध्यक्ष आनंद शर्मा, दुकेश्वर पाण्डेय, लता साहू, तानसिंह देहारी और हेमंत गुरुपंच सहित जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

जनपद पंचायत गुरुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी पी.एल. धुर्वे, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी आर.एल. सिरमौर, एन.के. बागड़े सहित संबंधित क्लस्टर की 20 ग्राम पंचायतों के सरपंच, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी और पंचायत स्तर के कर्मचारी भी शिविर में शामिल हुए।
स्कूली बच्चों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुति
शिविर में विकसित भारत-जी, रामजी के अधिकारी-कर्मचारी, ग्राम रोजगार सहायक, पंचायत सचिव, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, स्वास्थ्य विभाग की मितानिन, स्वच्छ भारत मिशन की स्वच्छता दीदी और बिहान योजना से जुड़ी स्व-सहायता समूह की महिलाएं भी मौजूद रहीं। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर लोगों का ध्यान आकर्षित किया।



