Uncategorized

शिव मंदिर के पास सज रही थी जुए की महफिल, पुरूर पुलिस ने मारा छापा; 5 जुआरी गिरफ्तार

भेजा मैदानी में बिजली की रोशनी के बीच 52 पत्ती से लग रहे थे हार-जीत के दांव, ₹6,010 नगद और ताश की गड्डी जब्त

पुरूर (बालोद)। जिले में अवैध जुआ और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ बालोद पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में थाना पुरूर पुलिस ने ग्राम भेजा मैदानी स्थित शिव मंदिर के पास चल रहे जुए के फड़ पर दबिश देकर पांच आरोपियों को रंगेहाथ पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹6,010 नगद और 52 पत्ती ताश बरामद कर जब्त की है। मामले में छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक बालोद श्री किरण गंगाराम चव्हाण (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री चंद्रकांत गवर्ना के निर्देशन तथा एसडीओपी गुरूर श्रीमती माया शर्मा के पर्यवेक्षण में जिले में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना प्रभारी पुरूर निरीक्षक जन्मेजय पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में जुआ रेड कार्रवाई के लिए सक्रिय थी।

इसे भी पढ़ें >> उसरवारा खार में जुए का फड़ सजाते 7 जुआरी पुलिस के हत्थे चढ़े …

बताया गया कि 4 नवंबर 2026 को पुलिस टीम को ग्राम कनेरी में मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम भेजा मैदानी स्थित शिव मंदिर के पास कुछ लोग बिजली की रोशनी में 52 पत्ती ताश के जरिए रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने गवाहों को साथ लेकर मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही कुछ जुआरी भागने में सफल हो गए, जबकि पांच लोगों को मौके पर ही पकड़ लिया गया।

पुलिस की पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों की पहचान दिलीप कुमार साहू (40), प्रवीण कुमार ठाकुर (32), धनेश राम साहू (42), ओमप्रकाश साहू (25) एवं जितेन्द्र कुमार नेताम (33) के रूप में हुई। सभी आरोपी ग्राम भेजा मैदानी, थाना पुरूर, जिला बालोद के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों तथा जुआ फड़ से कुल ₹6,010 नगद और 52 पत्ती ताश बरामद कर गवाहों की उपस्थिति में जब्त की।

मामले में आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) के तहत कार्रवाई की गई। गिरफ्तारी की प्रक्रिया पूरी करने के बाद अपराध जमानतीय होने तथा सक्षम जमानतदार प्रस्तुत किए जाने पर आरोपियों को जमानत मुचलके पर रिहा कर दिया गया।

अवैध गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर

पुरूर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि जुआ, सट्टा एवं अन्य असामाजिक गतिविधियों से दूर रहें। क्षेत्र में कहीं भी ऐसी गतिविधियां संचालित होने की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस का संदेश अपराध और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ पुरूर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Balod pratinidhi
अमीत मंडावी संवाददाता
whatsapp joining link
Join our whatsapp group

Back to top button