उसरवारा खार में जुए का फड़ सजाते 7 जुआरी पुलिस के हत्थे चढ़े, रु 4170 नगद और 52 पत्ती ताश जब्त
पुरूर पुलिस की दबिश से जुआरियों में मचा हड़कंप, छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत सभी आरोपियों पर मामला दर्ज

पुरूर (बालोद)। जिले में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने बालोद पुलिस लगातार सख्त रुख अपनाए हुए है। इसी कड़ी में थाना पुरूर पुलिस ने अवैध जुआ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम उसरवारा खार में जुआ खेल रहे 7 आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने मौके से जुआरियों के पास से ₹4,170 नगद और 52 पत्ती ताश बरामद की है। सभी आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक बालोद श्री किरण गंगाराम चव्हाण (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री चंद्रकांत गवर्ना के निर्देशन एवं एसडीओपी गुरूर श्रीमती माया शर्मा के पर्यवेक्षण में जिले में अवैध जुआ, सट्टा और अन्य असामाजिक गतिविधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
इसे भी पढ़ें >> निजी चिकित्सक संघ गुरुर की मासिक बैठक संपन्न
इसी अभियान के तहत 4 नवंबर 2026 को थाना पुरूर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम उसरवारा खार में कुछ लोग ताश के 52 पत्तों पर रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक जन्मेजय पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी और घेराबंदी कर जुआ खेल रहे सात लोगों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे एवं मौके से 4,170 रुपये नगद तथा 52 पत्ती ताश बरामद की गई।
ये सात आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों में राघवेन्द्र राव (23 वर्ष), धनेश्वर उर्फ पिंटू साहू (33 वर्ष), शैलेन्द्र कुमार निर्मलकर (27 वर्ष), मनीष कुमार साहू (40 वर्ष), राहुल साहू (27 वर्ष), किशोर साहू (24 वर्ष) एवं भूपेन्द्र साहू (43 वर्ष) शामिल हैं। सभी आरोपी जिला बालोद के निवासी बताए गए हैं। इनमें उसरवारा, फागुनदाह और आनंदपुर के निवासी शामिल हैं।
जुआ-सट्टा खेलने वालों को पुलिस की दो टूक चेतावनी
पुरूर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अवैध जुआ, सट्टा एवं अन्य असामाजिक गतिविधियों से दूर रहें। ऐसी गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी तरह सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
जिले में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध बालोद पुलिस की लगातार कार्रवाई से असामाजिक तत्वों में हड़कंप की स्थिति है।



