Chhattisgarh

ग्रामीणों की शिकायत पर विधायक संगीता सिन्हा ने किया नवनिर्मित पुलिया का निरीक्षण

अकलवारा में निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर उठे सवाल, जांच एवं कार्रवाई के निर्देश।

गुरूर/अकलवारा (बालोद) hct : संजारी-बालोद विधानसभा क्षेत्र की विधायक एवं प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती संगीता सिन्हा ने ग्राम अकलवारा में नवनिर्मित पुलिया में कथित अनियमितता एवं घटिया निर्माण की शिकायत मिलने पर स्थल का निरीक्षण किया। ग्रामीणों ने विधायक से मुलाकात कर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा कराए गए पुलिया निर्माण में भ्रष्टाचार और गुणवत्ता संबंधी गंभीर शिकायतें दर्ज कराई थीं।

पहली बारिश में क्षतिग्रस्त हुई नवनिर्मित पुलिया

अकलवारा की नवनिर्मित पुलिया का निरीक्षण करतीं विधायक संगीता सिन्हा
ग्रामीणों की शिकायत पर अकलवारा में नवनिर्मित पुलिया का निरीक्षण करतीं विधायक संगीता सिन्हा।

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए विधायक संगीता सिन्हा मौके पर पहुंचीं और पुलिया की स्थिति का जायजा लिया। ग्रामीणों ने बताया कि हाल ही में हुई पहली ही बारिश में पुलिया का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे क्षेत्र के लोगों में दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों के अनुसार इस मार्ग से प्रतिदिन विद्यार्थी, किसान, मजदूर एवं अन्य नागरिक आवागमन करते हैं, इसलिए पुलिया की खराब स्थिति लोगों की सुरक्षा के लिए चिंता का विषय बन गई है।

विधायक ने अधिकारियों से मांगी निष्पक्ष जांच

निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में घटिया गुणवत्ता की सामग्री उपयोग किए जाने तथा निर्माण एजेंसी एवं संबंधित अधिकारियों द्वारा लापरवाही बरते जाने का आरोप लगाया। विधायक ने मौके पर ही संबंधित विभागीय अधिकारियों से दूरभाष पर चर्चा कर नाराजगी व्यक्त की और निर्माण कार्य की गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच कराने के निर्देश दिए।

अकलवारा की नवनिर्मित पुलिया का निरीक्षण करतीं विधायक संगीता सिन्हा
ग्रामीणों की शिकायत पर अकलवारा में नवनिर्मित पुलिया का निरीक्षण करतीं विधायक संगीता सिन्हा।

जनता की सुरक्षा से समझौता नहीं: संगीता सिन्हा

विधायक संगीता सिन्हा ने कहा कि जनता के कर के पैसे से होने वाले विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की अनियमितता, भ्रष्टाचार या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जांच में दोषी पाए जाने वाले अधिकारी, कर्मचारी अथवा संबंधित एजेंसी के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

इसे भी पढ़ें >> अजय श्रीवास्तव बने तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के प्रांतीय सचिव

उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। विधायक के हस्तक्षेप से ग्रामीणों में शीघ्र जांच एवं आवश्यक सुधार कार्य की उम्मीद जगी है।

Balod pratinidhi
अमीत मंडावी संवाददाता
whatsapp joining link
Join our whatsapp group

Back to top button