Crime

कवर्धा में 112 आरक्षक की दबंगई

अंबेडकर चौक के पास पान ठेला संचालक से मारपीट का आरोप, शिकायत के बाद घायल दुकानदार को अस्पताल भेजा गया

कवर्धा 112 आरक्षक मारपीट का आरोप

कवर्धा में सिटी कोतवाली स्थित अंबेडकर चौक के पास पान ठेला संचालक संतोष गुप्ता के साथ 112 के आरक्षक द्वारा मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि 112 वाहन से पहुंचे आरक्षक संजय पांडे ने ठेला संचालक के साथ पहले विवाद किया और फिर कथित रूप से मारपीट कर दी। इस दौरान कॉलर पकड़कर गाली-गलौज करने का आरोप भी लगाया गया है।

कवर्धा सिटी कोतवाली क्षेत्र में 112 आरक्षक विवाद

बीच-बचाव करने पहुंचे स्थानीय लोग

घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, जिसके बाद वहां भीड़ भी जमा हो गई। इसी दौरान क्षेत्र के एनएसयूआई अध्यक्ष विकास केसरी भी मौके पर पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरक्षक ने उनके साथ भी कथित रूप से अभद्र व्यवहार किया और गाली-गलौज की।

पीड़ित ने थाने में दर्ज कराई शिकायत

मारपीट के बाद ठेला संचालक संतोष गुप्ता ने सिटी कोतवाली थाना पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि 112 के आरक्षक संजय पांडे ने उसके साथ मारपीट की। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले को दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी ने 112 मुख्यालय की ओर किया इशारा

सिटी कोतवाली थाना प्रभारी ने इस संबंध में कहा कि मामला 112 सेवा से जुड़ा हुआ है, इसलिए विस्तृत जानकारी के लिए 112 के मुख्यालय रायपुर से संपर्क किया जाना चाहिए। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है।

घायल दुकानदार को अस्पताल भेजा गया

घटना में घायल हुए संतोष गुप्ता को मुलाहिजा के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। वहीं मारपीट के आरोप में आरक्षक को थाने में रखा गया है। स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि आरक्षक कथित रूप से शराब के नशे में था, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

Back to top button