Other Districts

जनपद CEO उतरे मैदान में, गांव-गांव परखी पानी की नब्ज,घरों तक पहुंची सोलर वाटर की पड़ताल।

गुरूर के अंदरूनी गांवों में अचानक पहुंचा जनपद अमला, घर-घर जाकर परखी सोलर वाटर प्लांट की हकीकत।

गुरूर (बालोद) सरकारी योजना का पानी कागजों में दौड़ रहा है या सचमुच ग्रामीणों के घरों तक पहुंच रहा है? इसी सवाल का जवाब तलाशने गुरूर जनपद पंचायत का अमला अब सीधे गांवों की जमीन पर उतर आया है। सोलर वाटर प्लांट के जरिए ग्रामीणों को मिल रही शुद्ध पेयजल सुविधा की वास्तविक स्थिति जानने जनपद पंचायत गुरूर के सीईओ पन्ना लाल ध्रुवे ने अंदरूनी इलाकों का दौरा कर घर-घर पहुंचकर व्यवस्था का जायजा लिया।

इसे भी पढ़े >> बालोद जिला कांग्रेस के असंगठित समस्या निवारण प्रकोष्ठ की नई कार्यकारिणी गठित

कोसमी से अलोरी तक घर-घर पहुंची सोलर वाटर की पड़ताल

कोसमी से लेकर नाहंदा, करियाटोला, भैंसमुंडी, मंगचुआ, गोटाटोला, नगझर, रूपुटोला, आमापानी, जगतरा, नैकुरा और अलोरी जैसे दूरस्थ गांवों में पहुंची टीम ने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। अधिकारियों ने मौके पर यह जानने की कोशिश की कि सोलर वाटर प्लांट चालू हालत में हैं या नहीं, पानी की आपूर्ति नियमित है या नहीं और जिस उद्देश्य से योजना शुरू की गई, उसका लाभ वास्तव में घर-घर पहुंच रहा है या नहीं।

प्लांट चालू है या बंद, ग्रामीणों से सीधे ली जानकारी

इस निरीक्षण की खास बात यह रही कि अधिकारियों ने महज प्लांट देखकर लौटने के बजाय ग्रामीणों के घरों तक पहुंचकर पेयजल व्यवस्था की स्थिति जानी। लोगों से सीधे बातचीत कर पानी की उपलब्धता, आपूर्ति और सामने आ रही परेशानियों की जानकारी ली गई। ग्रामीण इलाकों में शुद्ध पेयजल की उपलब्धता किसी बड़ी सुविधा से कम नहीं है। ऐसे में सोलर वाटर प्लांट की नियमित निगरानी और उसकी जमीनी स्थिति की जांच बेहद अहम मानी जा रही है।

सीईओ के साथ पूरा जनपद अमला मैदान में

निरीक्षण के दौरान सरपंच हेमलता नरसिंह चोरमार, पंचायत सचिव योगेश साहू सहित जनपद पंचायत का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। टीम ने गांवों में पहुंचकर पेयजल व्यवस्था को करीब से देखा और ग्रामीणों से उनकी वास्तविक समस्याएं सुनीं।

पानी की नियमित आपूर्ति बनी जमीनी निरीक्षण की कसौटी

सोलर वाटर प्लांट का असली पैमाना प्लांट की मशीनरी नहीं, बल्कि ग्रामीण के घर तक पहुंचता पानी है। इसी जमीनी कसौटी पर व्यवस्था को परखने जनपद प्रशासन का यह दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अंदरूनी गांवों में पहुंचकर की गई यह पड़ताल अब पेयजल व्यवस्था की वास्तविक तस्वीर सामने लाने की दिशा में अहम कदम साबित हो सकती है।

Balod pratinidhi
अमीत मंडावी संवाददाता
whatsapp joining link
Join our whatsapp group

Back to top button