विजय दयाराम के. को सम्मानपूर्ण विदाई, जीपीएम कलेक्टर के नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं।
इंद्रावती भवन में आयोजित समारोह में विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों ने नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं देते हुए सम्मानपूर्वक विदाई दी।

गरिमामय माहौल में आयोजित हुआ विदाई समारोह
नवा रायपुर hct : विजय दयाराम विदाई समारोह शनिवार को इंद्रावती भवन, अटल नगर में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने विजय दयाराम के. के प्रशासनिक योगदान की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी।

कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग के संचालक विजय दयाराम के. (आईएएस) के सम्मान में शनिवार को इंद्रावती भवन, अटल नगर (नवा रायपुर) स्थित संचालनालय में गरिमामय एवं भावपूर्ण विदाई समारोह आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम संचालनालय रोजगार एवं प्रशिक्षण तथा संचालनालय तकनीकी शिक्षा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ, जिसमें विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारियों एवं कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
प्रशासनिक नेतृत्व और कार्यशैली की हुई सराहना

समारोह के दौरान वक्ताओं ने विजय दयाराम के. के कार्यकाल को विभाग के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए उनके कुशल नेतृत्व, प्रशासनिक दक्षता, पारदर्शी कार्यशैली तथा विभागीय विकास में दिए गए उल्लेखनीय योगदान की प्रशंसा की। अधिकारियों और कर्मचारियों ने कहा कि उनके नेतृत्व में विभाग ने अनेक सकारात्मक पहलें कीं तथा कार्य संस्कृति को नई दिशा मिली। वक्ताओं ने उनके सरल, सहज और प्रेरणादायी व्यक्तित्व का उल्लेख करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इसे भी पढ़ें >> आबकारी उड़नदस्ता पर उगाहीबाजों का साया !
नए कलेक्टर दायित्व के लिए दी शुभकामनाएं
इस अवसर पर विजय दयाराम के. को जिला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के कलेक्टर के रूप में मिली नई जिम्मेदारी के लिए विभाग की ओर से हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं। उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि उनकी प्रशासनिक क्षमता, अनुभव और दूरदर्शी सोच नए दायित्व में भी उत्कृष्ट परिणाम देगी।
विजय दयाराम ने जताया आभार
अपने संबोधन में विजय दयाराम के. ने विभाग के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विभाग में कार्यकाल के दौरान मिला सहयोग, आत्मीयता और स्नेह उनके लिए सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने सभी कर्मचारियों के उज्ज्वल भविष्य एवं विभाग की निरंतर प्रगति की शुभकामनाएं भी दीं।
बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी रहे उपस्थित
समारोह में छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा, नेशनल फेडरेशन के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट एवं नवा रायपुर संयोजक संतोष कुमार वर्मा, छत्तीसगढ़ आईटीआई कर्मचारी अधिकारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष गजेंद्र साहू, संयुक्त संचालक (प्रशिक्षण) मीना गणवीर, उपसंचालक (वित्त) रामगोपाल जायसवाल, उपसंचालक (प्रशिक्षण) आई.पी. साहू, अतिरिक्त संचालक डॉ. एम.एल. अग्रवाल, अतिरिक्त संचालक डॉ. अमिताभ दुबे, सहायक संचालक प्रमोद कुमार जैन सहित विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

विजय दयाराम ने जताया आभार
