Crime

Crime News: महिला ने कुंदी लगाने से मना किया तो पति ने कुल्हाड़ी से हमला किया, हालत गंभीर

भिंड जिले के सरसई गांव में शराब के नशे में पति ने कुंदी लगाने से मना करने पर अपनी पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। घायल महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महिला 9 साल मायके में रहकर 10 दिन पहले ससुराल लौटी थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

HIGHLIGHTS

  1. शराब के नशे में पति ने सिर पर ईंट भी मारी।
  2. पति के अलग 9 साल मायके में रह रही थी।
  3. महिला गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती।

 भिंड। नयागांव थाना अंतर्गत सरसई गांव में महिला ने कुंदी लगाने से मना किया तो शराब के नशे में पति ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। महिला के सिर में चोट लगने से रात में ही स्वजन इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर आए। घटना सोमवार रात करीब 11.30 बजे की है।

जानकारी के अनुसार 35 वर्षीय राखी राजावत पत्नी दिलीप राजावत निवासी सरसई थाना नयागांव रात 9 बजे खाना खाकर 15 वर्षीय बेटे अमन राजावत के साथ घर के अंदर लेटी थी। रात में पति शराब के नशे में घर आया और बेटे को बाहर सोने के लिए कहा। बेटा बाहर सोने के लिए चला गया।

बेटे की तबीयत खराब हुई थी

रात करीब 10 बजे अमन के पेट में दर्द हुआ तो उसने मां को बताया कि उसके पेट में दर्द हो रहा है। मां ने कुंदी खोलकर बेटे को अंदर बुला लिया और दवा खिलाकर अपने पास लिटा लिया। करीब 11 बजे पति ने बेटे को फिर से बाहर सोने के लिए भेज दिया और गेट की कुंदी लगाने लगा।

पत्नी ने कुंदी लगाने से मना किया तो पति को गुस्सा आ गया। चारपाई के पास रखी ईंट महिला के सिर में मार दी। इसके बाद कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे महिला के सिर में चोट लग गई। गंभीर हालत में स्वजन रात में महलिा को इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर आए।

9 साल से रह रही थी मायके, 10 दिन पहले आई थी ससुराल

जिला अस्पताल में भर्ती महिला ने बताया कि वह बेटे के साथ 9 साल से पोरसा के धुर्रा गांव स्थित मायके में रह रही थी। 10 दिन पहले पति ने फोन कर कहा था कि वह कांवड़ भरने जा रहा है,इसलिए वह ससुराल आ जाए। महिला 10 दिन पहले ही मायके से ससुराल आई थी। महिला का कहना है, कि पति पहले शराब पीकर झगड़ते थे। इसलिए वह मायके में रह रही थी। इस बार उसने सोचा कि पति में बदलाव आ गया होगा, इसलिए वह ससुराल आ गई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Back to top button