CRIME

ओडिशा से गांजा लाकर छत्तीसगढ़ में खपा रहे थे दो सगे भाई, चार आरोपी गिरफ्तार

बालोद पुलिस की कार्रवाई में 138.551 किलो गांजा बरामद, पिकअप और बाइक सहित 85.72 लाख रुपये की संपत्ति जब्त

बालोद। ओडिशा से गांजा लाकर छत्तीसगढ़ में इसकी सप्लाई करने वाले कथित तस्करी नेटवर्क का बालोद पुलिस ने खुलासा किया है। मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 138.551 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 69 लाख 27 हजार 550 रुपये बताई गई है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल महिंद्रा पिकअप, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और नकदी सहित कुल 85 लाख 72 हजार 550 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

पुलिस के मुताबिक, जिले में मादक पदार्थों की अवैध बिक्री और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देशन में एएनटीएफ, थाना पुलिस और साइबर सेल की टीम सक्रिय थी। इसी दौरान 21 नवंबर 2026 को थाना सनौद पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम अरकार निवासी भीषम सतनामी अपने घर में गांजा रखकर उसकी बिक्री कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने गवाहों के साथ उसके घर की तलाशी ली, जहां से दो पैकेट और पुड़िया में रखा 1.995 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने भीषम सतनामी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की।

पूछताछ में सामने आया सप्लाई नेटवर्क

पुलिस के अनुसार, भीषम सतनामी से पूछताछ में गांजे की आपूर्ति करने वाले कामता प्रसाद कोसरे का नाम सामने आया। इसके बाद पुलिस ने ग्राम अरकार निवासी कामता प्रसाद कोसरे से पूछताछ की। उसने बताया कि ग्राम खप्परवाड़ा निवासी दो सगे भाई ओमप्रकाश पटेल और कुलेश्वर पटेल पिछले करीब एक वर्ष से उसके गांव आकर गांजा बेचते थे।

इसे भी पढ़ें >> रजिस्ट्री के 8 साल बाद रास्ता गायब ! जमीन खरीददारों की एसडीएम से शिकायत

वह दोनों भाइयों से गांजा खरीदकर स्थानीय स्तर पर छोटी मात्रा में बिक्री के लिए भीषम सतनामी को उपलब्ध कराता था। पुलिस ने कामता के कब्जे से गांजा बिक्री की 3,000 रुपये की नकदी और बातचीत में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी जब्त किया।

पिकअप से ओडिशा जाते थे, घर में छिपाकर रखते थे गांजा

कामता से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने ग्राम खप्परवाड़ा के ओमप्रकाश पटेल और कुलेश्वर पटेल की तलाश शुरू की। पुलिस ने गांव के बाहर घेराबंदी कर दोनों भाइयों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनके कथित तस्करी नेटवर्क और ओडिशा कनेक्शन का खुलासा हुआ।

बालोद पुलिस की कार्रवाई में 138 किलो गांजा और तस्करी में इस्तेमाल वाहन जब्त
बालोद पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर गांजा और वाहन जब्त किए।

पुलिस के मुताबिक, दोनों भाइयों ने वर्ष 2023 में खेती का काम छोड़कर महिंद्रा पिकअप वाहन खरीदा था। शुरुआत में वे वाहन को किराये पर चलाने के लिए कोलकाता और बनारस जाते थे। बाद में पिकअप को भिलाई फल मंडी में किराये पर लगाने के साथ फल-सब्जी लाने के लिए ओडिशा जाना शुरू किया। इसी दौरान दोनों ने ओडिशा के बालीगुड़ा क्षेत्र से गांजा लाकर उसकी तस्करी शुरू कर दी। वे एक बार में करीब 10 से 20 किलोग्राम गांजा लाते और उसे अपने घर में छिपाकर रखते थे। इसके बाद स्थानीय स्तर पर अलग-अलग लोगों को इसकी आपूर्ति की जाती थी।

दोनों भाइयों के घर की तलाशी के दौरान लोहे की पेटी और दीवान में छिपाकर रखे 134 पैकेटों से 136.56 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। इसकी अनुमानित कीमत 68 लाख 27 हजार 800 रुपये बताई गई है। इस कार्रवाई में तस्करी के लिए इस्तेमाल महिंद्रा पिकअप और एक मोटरसाइकिल के साथ दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।

85.72 लाख रुपये की संपत्ति जब्त

पुलिस द्वारा जारी जब्ती विवरण के अनुसार, पूरे प्रकरण में कुल 138.551 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है। इसके अतिरिक्त महिंद्रा पिकअप वाहन क्रमांक CG 07 CQ 1575 की कीमत 15 लाख रुपये, मोटरसाइकिल क्रमांक CG 08 BF 9607 की कीमत 1 लाख 7 हजार रुपये, चार मोबाइल फोन की कीमत 25 हजार रुपये तथा नकदी 13 हजार रुपये आंकी गई है। इस तरह जब्त संपत्ति का कुल अनुमानित मूल्य 85 लाख 72 हजार 550 रुपये है।

मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भीषम सतनामी (28) और कामता प्रसाद कोसरे (43), दोनों निवासी ग्राम अरकार, तथा ओमप्रकाश पटेल (28) और कुलेश्वर पटेल (24), दोनों निवासी ग्राम खप्परवाड़ा के रूप में हुई है।

एनडीपीएस एक्ट की धारा 29 भी जोड़ी

इस मामले में थाना सनौद में अपराध क्रमांक 143/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया है। विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर प्रकरण में धारा 29 एनडीपीएस एक्ट भी जोड़ी गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई में थाना प्रभारी सनौद निरीक्षक सोनसिंग सोरी, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक दिलीप साहू, थाना सनौद के पुलिसकर्मियों तथा साइबर सेल प्रभारी सउनि धरम भुआर्य के नेतृत्व वाली साइबर सेल टीम की भूमिका रही। बालोद पुलिस ने मादक पदार्थों की अवैध तस्करी और बिक्री के विरुद्ध आगे भी कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।

whatsapp joining link
Join our whatsapp group

Back to top button