पति परमेश्वर की कुर्सी तो गई, लेकिन नाम-पट्टिका का परचम लटक रहा !
खबर का तगड़ा असर : अध्यक्ष के चेंबर से पति की कुर्सी तो हटी, लेकिन जनपद की नाम-पट्टिका पर पति के नाम का मोह बरकरार! निर्वाचित अध्यक्ष की पहचान में पति का नाम जोड़ने का अधिकार किसने दिया?

गुरुर (बालोद) hct : जनपद पंचायत गुरुर में जनपद नाम पट्टिका अब नए विवाद का केंद्र बन गई है। अध्यक्ष के चेंबर से उनके पति संजय साहू के लिए रखी गई अलग कुर्सी हटने के बाद अब आधिकारिक नाम-पट्टिका पर दर्ज ‘सुनीता संजय’ नाम को लेकर सवाल उठ रहे हैं। आखिर निर्वाचित जनपद अध्यक्ष सुनीता साहू की आधिकारिक पहचान वाली पट्टिका पर पति का नाम किस आधार पर दर्ज किया गया है? पहले कुर्सी को लेकर उठे सवालों के बाद अब नाम-पट्टिका ने जनपद पंचायत की कार्यप्रणाली को फिर चर्चा में ला दिया है।

अध्यक्ष का पद सुनीता साहू का या ‘सुनीता संजय’ का?
जनपद पंचायत अध्यक्ष का पद निर्वाचित जनप्रतिनिधि का होता है। मतदाताओं ने सुनीता साहू को अध्यक्ष चुना है, उनके पति संजय साहू को नहीं। इसके बावजूद आधिकारिक नाम-पट्टिका पर ‘सुनीता संजय’ लिखा जाना सामान्य प्रशासनिक परंपरा के लिहाज से कई सवाल खड़े करता है। आखिर सरकारी कार्यालय में पदाधिकारी की पहचान किस आधार पर दर्ज की जाती है? निर्वाचन प्रमाणपत्र में दर्ज नाम के अनुसार या पति के नाम को जोड़कर?
इसे भी पढ़िए >> गुरुर में कुर्सी पुराण : अध्यक्ष की कुर्सी की बगल में पति का दरबार…!
यदि निर्वाचित अध्यक्ष का नाम सुनीता साहू है, तो सरकारी कार्यालय की नाम-पट्टिका पर ‘सुनीता संजय’ लिखने का आधार क्या है? क्या यह नाम स्वयं अध्यक्ष की ओर से तय किया गया है? क्या जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अथवा संबंधित प्रशासनिक अधिकारी ने इसकी अनुमति दी है? यदि हां, तो किस नियम या आदेश के तहत?
सरकारी पद की पहचान में पति का नाम जोड़ने का औचित्य?
यह सवाल किसी महिला जनप्रतिनिधि के नाम के साथ पति का नाम लिखने की व्यक्तिगत पसंद तक सीमित नहीं है। सवाल सरकारी कार्यालय की आधिकारिक पहचान का है। जनपद पंचायत अध्यक्ष का पद संवैधानिक और वैधानिक व्यवस्था के तहत निर्वाचित पद है। इस पद की पहचान व्यक्ति के निर्वाचित नाम और आधिकारिक अभिलेखों से होनी चाहिए।
एक तरफ जनपद अध्यक्ष के पति की चेंबर में मौजूदगी और सरकारी निर्माण कार्यों में कथित हस्तक्षेप को लेकर सवाल उठे। दूसरी तरफ अब आधिकारिक नाम-पट्टिका पर भी पति के नाम की मौजूदगी सामने है। इन दोनों घटनाओं को अलग-अलग करके देखने के बजाय प्रशासन को यह स्पष्ट करना चाहिए कि जनपद पंचायत के कामकाज और आधिकारिक पहचान में अध्यक्ष पति की भूमिका आखिर कहां तक है।
नाम-पट्टिका पर जवाब कौन देगा?
गौरतलब है कि इससे पहले जनपद पंचायत उपाध्यक्ष दुर्गानंद साहू ने अध्यक्ष के चेंबर में उनके पति के लिए अलग कुर्सी लगाए जाने पर सवाल उठाए थे। इसके बाद आधिकारिक व्हाट्सएप ग्रुप में अध्यक्ष पति संजय साहू और उपाध्यक्ष के बीच हुए घटनाक्रम ने विवाद को और चर्चा में ला दिया था। उस समय सवाल था कि निर्वाचित अध्यक्ष के चेंबर में गैरनिर्वाचित व्यक्ति के लिए विशेष बैठक व्यवस्था किस हैसियत से की गई है। अब वही सवाल एक नए रूप में सामने है।
चेंबर से कुर्सी हटना बताता है कि उठाए गए सवालों को पूरी तरह अनदेखा नहीं किया जा सका। लेकिन नाम-पट्टिका पर ‘सुनीता संजय’ का उल्लेख अब भी बरकरार है। क्या यह महज नाम लिखने का तरीका है या सरकारी पद की पहचान में अनावश्यक रूप से पति का नाम प्रमुखता देने का मामला? इसका जवाब जनपद पंचायत प्रशासन को देना चाहिए।
सीईओ और जिला प्रशासन से सीधे सवाल
जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी से यह स्पष्ट किया जाना चाहिए कि अध्यक्ष की आधिकारिक नाम-पट्टिका पर दर्ज नाम निर्वाचन और सरकारी अभिलेखों के अनुरूप है या नहीं। यदि नहीं, तो इसे अब तक दुरुस्त क्यों नहीं कराया गया? क्या जनपद पंचायत के किसी आधिकारिक आदेश में ‘सुनीता संजय’ नाम का उल्लेख है? नाम-पट्टिका तैयार कराने और लगवाने की जिम्मेदारी किस अधिकारी की थी?
जवाब तो बनता है अध्यक्ष महोदया
गुरुर जनपद में अब मामला केवल एक कुर्सी का नहीं रह गया है। पहले चेंबर में पति की अलग कुर्सी चर्चा में आई और खबर के बाद वह हट गई। अब नाम-पट्टिका पर पति का नाम चर्चा के केंद्र में है। सवाल सीधा है—जब जनपद पंचायत का अध्यक्ष पद सुनीता साहू के नाम से निर्वाचित है, तो सरकारी कार्यालय की पहचान में ‘सुनीता संजय’ किस अधिकार और किस नियम के तहत दर्ज है?


