CRIME

शराब दुकान में नौकरी दिलाने के नाम पर 4.50 लाख की ठगी, दो आरोपियों पर FIR दर्ज

सुपरवाइजर और सेल्समैन की नौकरी दिलाने का भरोसा देकर रकम लेने का आरोप; कथित फर्जी नियुक्ति पत्र मिलने के बाद खम्हारडीह थाने में दर्ज हुई शिकायत।

नौकरी के सपने का झांसा, लाखों की ठगी

रायपुर hct : राजधानी रायपुर के  खम्हारडीह थाना क्षेत्र में शराब दुकान में सुपरवाइजर और सेल्समैन की नौकरी दिलाने का झांसा देकर ₹4.50 लाख की कथित ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दो आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) (छलपूर्वक धोखाधड़ी) और 336(3) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

रायपुर खम्हारडीह थाना में नौकरी दिलाने के नाम पर 4.50 लाख रुपये की ठगी मामले की एफआईआर की प्रति।
शराब दुकान में नौकरी दिलाने का झांसा देकर ₹4.50 लाख की कथित ठगी के मामले में रायपुर के खम्हारडीह थाने में दर्ज एफआईआर।

एफआईआर के अनुसार, जांजगीर-चांपा जिले के निवासी शिवधन सागर ने शिकायत दर्ज कराई है कि सितंबर 2025 में उन्हें मोबाइल पर छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों की शराब दुकानों में सुपरवाइजर और सेल्समैन की भर्ती का विज्ञापन मिला था। संपर्क करने पर उनकी मुलाकात आरोपी योगेश साहू और दिलीप यादव से हुई। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपियों ने उन्हें रायपुर बुलाकर शराब दुकानों में नौकरी लगाने का भरोसा दिलाया और नियुक्ति प्रक्रिया के नाम पर किस्तों में बड़ी रकम जमा करवाई।

फर्जी नियुक्ति पत्र देकर बढ़ाया भरोसा

शिकायत के मुताबिक, पहले प्रति व्यक्ति ₹1.50 लाख की मांग की गई। इसके बाद अलग-अलग चरणों में ऑनलाइन और नकद भुगतान कराया गया। शिकायतकर्ता का कहना है कि उन्हें CSMCL, जिला कोरबा के नाम से एक नियुक्ति पत्र भी दिया गया, लेकिन जब उसकी सत्यता की जांच की गई तो वह कथित रूप से फर्जी निकला। इस पर आरोपियों ने पहले पैसा लौटाने और फिर दूसरी जगह नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया, लेकिन न तो नौकरी मिली और न ही रकम वापस की गई।

पैसे भी गए, नौकरी भी नहीं मिली

एफआईआर में उल्लेख है कि शिकायतकर्ता के अनुसार कुल ₹4,50,000 की राशि नौकरी दिलाने के नाम पर ली गई। लंबे समय तक इंतजार और लगातार टालमटोल के बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की। शिकायत के परीक्षण के उपरांत खम्हारडीह थाना पुलिस ने 28 जून 2026 को अपराध क्रमांक 203/2026 दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना के दौरान लेन-देन, कथित नियुक्ति पत्र, बैंक रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेजों की जांच की जाएगी। साथ ही आरोपियों की भूमिका तथा नौकरी दिलाने के नाम पर किसी संगठित गिरोह की संलिप्तता की भी पड़ताल की जाएगी। फिलहाल प्रकरण दर्ज होने के बाद पुलिस साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Back to top button