कुल 13 पटवारी हल्का नंबर शामिल होगें कोसीर उप-तहसील में। सरिया और छाल को भी उप-तहसील बनाने प्रस्ताव मंगाया।
*लक्ष्मी नारायण लहरे (कोसीर)
कोसीर/सारंगढ। छत्तीसगढ़ शासन के राजस्व मंत्री के द्वारा बिलासपुर संभाग के लिये 22 जून को आयोजित संभाग स्तरीय बैठक में रायगढ़ जिले के सारंगढ़ अनुविभाग के कोसीर और सरिया को उपतहसील तथा धर्मजयगढ़ अनुविभाग छाल को नवीन उप-तहसील बनाये जाने के लिये प्रस्ताव मंगावाया है, जिसके तारतम्य में इन तीनो उप-तहसील के लिये अपर कलेक्टर रायगढ़ के द्वारा निर्धारित प्रपत्र में प्रस्ताव मंगावाया गया है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार भू-अभिलेख शाखा रायगढ़ के द्वारा संभाग स्तरीय समीक्षा बैठक के दौरान राजस्व मंत्री के द्वारा जारी निर्देशानुसार अनुविभाग सारंगढ़ के कोसीर और सरिया को उप-तहसील तथा धर्मजयगढ़ के छाल को उप-तहसील बनाये जाने के लिये प्रस्ताव निर्धारित प्रपत्र में संबंधित अनुविभागीय अधिकारियो से मंगवाया है। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सारंगढ़ और अनुविभागीय अधिकारी राजस्व धर्मजयगढ़ को पत्र क्रमांक 1650 दिनांक 10 जुलाई 2019 में इस संबंध में जानकारी एक्सेल सीट में उपलब्ध कराने की मांग किया गया है। अपर कलेक्टर रायगढ़ के हस्ताक्षर से जारी भू-अभिलेख शाखा रायगढ़ को इस पत्र मिलने के बाद सारंगढ़ अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय में इस संबंध मे जानकारी एकत्रित करना प्रारंभ कर दिया गया है तथा जल्द ही कोसीर उप-तहसील के लिये प्रस्ताव बनाकर जिला प्रशासन को प्रेषित कर दिया जायेगा। इस संबंध में राजस्व विभाग के जानकारो ने बताया कि जिला के बड़े अनुविभागो में उप-तहसील के लिये उपयुक्त स्थानो की जानकारी पूर्व में मंगाई गई थी; जिस तारतम्य मे सारंगढ़ तहसील के कोसीर तथा बरमकेला तहसील के सरिया और धर्मजयगढ़ तहसील के छाल का नाम को उप-तहसील के लिये प्रस्तावित किया गया था। इसी संदर्भ में उक्त तीनो स्थान को नवीन उप-तहसील बनाये जाने के लिये नवीन प्रस्ताव मंगाया गया है।
48 राजस्व गांव मिलकर बनेगा कोसीर उप-तहसील
सारंगढ़ के सबसे बड़े ग्राम पंचायत कोसीर को उप-तहसील बनाये जाने की कयावद के बाद से ही राजस्व विभाग इस उप-तहसील के बारे में जानकारी राज्य शासन को भेजने की तैयारी कर रहा है। इस संबंध मे सूत्रो से मिली जानकारी के अनुसार कुल 13 पटवारी हल्का के कुल 48 राजस्व ग्राम कोसीर उप-तहसील का हिस्सा होगें। इस उप-तहसील में जिन 13 पटवारी हल्का का चयन किया गया है उनका भी सूची को फायनल कर दिया गया है।
कौन-कौन गांव होगें कोसीर उप-तहसील में शामिल ?
सूत्रो से प्राप्त जानकारी के अनुसार सारंगढ़ तहसील के कुल 48 राजस्व ग्राम को प्रस्तावित उप-तहसील कोसीर में शामिल किया जाना तय किया गया है इसमें सिंघनपुर, भद्रा, पासीद, रैलहा (वीरान), कोसीर, भाठागांव, कुम्हारी, पाठ, कपिस्दा अ, दहिदा, अंडोला, नावापारा, जशपुर, गंतुली बडे, बरभांठा, रामपुर, गंतुली छोटे, मचगोढ़ा, आमाकोनी, डडाईडीह, भंवरपुर, मधुबन, बरदुला, तिलाईदादर, जामपाली, खुड़बेना, मुड़वाभांठा, उच्चभिठी, चनामुड़ा, चांटीपाली, मचलाडीह, रामभांठा, मुड़पार बड़े, प्रधानपुर,सिलादेई, लेन्ध्रा, नाचनपाली, डंगनिया, रीवांपार, उलखर, छुहीपाली, गोपालभैना, भद्रा, बटाऊपाली अ, सिलयारी, रक्शा शामिल है। वही पटवारी हल्का नंबर 1,2,3,4,5,6,7,8,9,10,11 और 24 एवं 57 शामिल है।