ऑनलाइन गेम में पैसे हारने के बाद असम से भागा जवान गिरफ्तार
सेना के वाहन से इंसास राइफल और 60 कारतूस लेकर बंगाल इंजीनियरिंग का फरार जवान खटीमा के होटल से पकड़ा गया।

खटीमा । असम से फरार जवान को खटीमा पुलिस ने ऑनलाइन गेम में पैसे हारने के बाद इंसास राइफल और कारतूस सहित गिरफ्तार किया है। ऑनलाइन गेम में पैसे हारने के बाद असम से भागकर आए बंगाल इंजीनियरिंग के जवान को पुलिस ने नगर के एक होटल से इंसास राइफल, कारतूस के साथ पकड़ा है। आरोपित जवान असम में सेना के वाहन से कूदकर भागा था। बताया जाता है कि आनलाइन गेम में वह अत्यधिक पैसे हार गया था, जिस कारण वह परेशान चल रहा था। पुलिस ने आरोपित जवान के विरुद्ध प्राथमिकी पंजीकृत कर उसे न्यायालय में पेश किया। साथ ही इसकी सूचना सेना एवं असम पुलिस को दे दी गई।
इसे भी पढ़ें >> कवर्धा में 112 आरक्षक की दबंगई
असम से फरार जवान : पुलिस के अलावा बनबसा सेना एवं अन्य गुप्तचर एजेंसियों के अधिकारियों ने कोतवाली पहुंचकर आरोपित जवान से पूछताछ की। कोतवाल मनोहर सिंह दसौनी ने बताया कि चंपावत के नंदपुली मोरारी निवासी 24 वर्षीय सूरज जोशी 12वीं पास करने के बाद मार्च 2020 में रुड़की से बंगाल इंजीनियरिंग में भर्ती हुआ था। वर्तमान में वह असम में तैनात था। चार अक्टूबर को जब वह सेना के वाहन में पीछे बैठकर कहीं जा रहा था। इसी दौरान जंगल में इंसास राइफल व 60 राउंड लेकर कूद गया।

