Raipur

छात्रवृत्ति और नौकरी के लिए सड़क पर रेंगीं आदिवासी छात्राएं

माकपा और जनवादी नौजवान सभा के नेतृत्व में बस्तर, सरगुजा और जशपुर की छात्राओं का प्रदर्शन; लंबित छात्रवृत्ति, स्टाफ नर्स की नौकरी और निजी कॉलेजों की मनमानी फीस पर रोक लगाने की मांग।

प्रशासन ने बेरूखी से कहा, मांगें भेज देंगे सरकार को

रायपुर। आदिवासी नर्सिंग छात्राएं लंबित छात्रवृत्ति और स्टाफ नर्स की नौकरी की मांग को लेकर रायपुर में अनोखे अंदाज में सड़क पर उतर आईं। बस्तर, सरगुजा और जशपुर से पहुंचीं 15 से 20 छात्राओं ने माकपा और भारत की जनवादी नौजवान सभा के नेतृत्व में कलेक्टोरेट से घड़ी चौक तक घुटनों के बल रेंगकर प्रदर्शन किया। छात्राओं ने यूरोपीयन कमीशन से हुए करार के तहत नौकरी देने और लंबित छात्रवृत्ति जारी करने की मांग उठाई।

इन दोनों संगठनों के कई कार्यकर्ता भी इन छात्रों के साथ रेंगने में शामिल थे। प्रदर्शन का नेतृत्व माकपा राज्य सचिव संजय पराते, जनौस राज्य संयोजक प्रशांत झा, नर्सिंग छात्रा लक्ष्मी राणा, पत्रकार रितेश पांडे आदि कर रहे थे।

प्रदर्शनकारी आदिवासी नर्सिंग छात्राओं का कहना है कि छात्रवृत्ति और रोजगार से जुड़े लंबित मामलों का निराकरण नहीं होने से उनका भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने सरकार से स्टाफ नर्स के पदों पर नियुक्ति, निजी नर्सिंग कॉलेजों की मनमानी फीस पर रोक और छात्रावास भत्ता देने की मांग की।

पुलिस की व्यवस्था को गच्चा देते हुए नर्सिंग छात्राओं ने कलेक्टोरेट परिसर से ही घुटनों के बल रेंगना शुरू कर दिया था।

उनके घड़ी चौक पहुंचने पर यातायात कुछ देर के लिए अस्त-व्यस्त हो गया था। सभी छात्राएं और प्रदर्शनकारी मुख्यमंत्री निवास तक जाने की जिद पर अड़ी हुई थी, जिन्हें आधे रास्ते समझा-बुझाकर रोका गया। गर्मी व तपिश के कारण कुछ छात्राएं रेंगते हुए बेहोश भी हो गई।

रायपुर में आदिवासी नर्सिंग छात्राओं का प्रदर्शन
रायपुर में लंबित छात्रवृत्ति और स्टाफ नर्स की नौकरी की मांग को लेकर सड़क पर रेंगकर प्रदर्शन करतीं नर्सिंग छात्राएं।

प्रशासन को सौंपे अपने ज्ञापन में छात्रवृत्ति और नौकरी देने के मांग के साथ ही निजी कॉलेजों द्वारा मांगी जा रही अनाप-शनाप फीस पर रोक लगाने और सरकारी कॉलेजों में पढ़ रही छात्राओं को छात्रावास राशि देने की मांग की है। उनकी यह भी मांग है कि जिन छात्राओं ने पढ़ाई छोड़ दी है, उन्हें पुनः नर्सिंग प्रशिक्षण में प्रवेश दिया जाए, क्योंकि कमीशन द्वारा उनके लिए दिए गए पैसे सरकार के पास रखे हुए हैं। प्रदर्शनकारियों की मांग पर प्रशासन ने सरकार को मांग उनकी मांग से अवगत कराने का आश्वासन दिया है।

*संजय पराते
सचिव, माकपा, छग
(मो) 094242-31650

Back to top button