Chhattisgarh

औद्योगिक इकाई ‘राशि स्टील’ में 26 जनवरी को ध्वजारोहण के दौरान तिरंगा जमीन पर गिरने का मामला।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद उठे सवाल, नागरिकों ने राष्ट्रीय सम्मान से जुड़ी लापरवाही की निष्पक्ष जाँच की माँग की

मस्तूरी (बिलासपुर) hct : मस्तूरी के पाराघाट स्थित औद्योगिक इकाई राशि स्टील में 26 जनवरी समारोह के दौरान तिरंगा गिरने का मामला सामने आने के बाद यह घटना चर्चा में आ गई है। उक्त वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है, जिसके चलते स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों में रोष व्याप्त है।

राशि स्टील तिरंगा गिरा घटना का वीडियो वायरल

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ध्वजारोहण के समय तकनीकी अथवा मानवीय लापरवाही के चलते राशि स्टील में तिरंगा गिरा घटना  उस समय हुई जब कार्यक्रम स्थल पर कंपनी के निदेशक रोहित अग्रवाल, ज्योति अग्रवाल, जीएम चिंटू मिश्रा सहित सैकड़ों कर्मचारी उपस्थित थे।

बता दें कि मौके पर मौजूद किसी भी जिम्मेदार शख़्स ने ध्वज को तुरंत सम्मानपूर्वक उठाकर ना तो खेद प्रकट किया और ना ही किसी प्रकार का स्पष्टीकरण दिया बल्कि वहीं पास खड़े एक सुरक्षाकर्मी दौड़कर पास आया और ध्वज को उठाकर पुनः ध्वज रस्सी (Flag Halyard) से बंधाते नजर आया। वायरल वीडियो में घटना का दृश्य स्पष्ट रूप से दिखाई देता है, जिस पर सोशल मीडिया पर लगातार प्रतिक्रियाएँ सामने आ रही हैं।

पूर्व घटनाओं को लेकर भी उठे सवाल

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इससे पूर्व भी इसी औद्योगिक इकाई में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रमों के दौरान ‘भारत माता की जय’ जैसे राष्ट्रनिष्ठ नारों के स्थान पर कंपनी-विशेष के नारे लगाए जाने की बातें सामने आई थीं। नागरिकों का आरोप है कि इस तरह की घटनाएँ राष्ट्रीय आयोजनों की गरिमा पर प्रश्नचिह्न खड़ा करती हैं।

कानूनी दृष्टि से जाँच आवश्यक

कानून विशेषज्ञों के अनुसार, राष्ट्रीय सम्मान अपमान निवारण अधिनियम, 1971 के तहत किसी भी घटना में मंशा, परिस्थितियाँ और बाद की कार्रवाई का परीक्षण आवश्यक होता है। केवल वीडियो के आधार पर अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता, बल्कि प्रशासनिक जाँच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

इसे भी पढ़ें : देवभोग में जिला अध्यक्ष अनिल चन्द्राकर का स्वागत, संगठन में नई ऊर्जा

प्रशासन से निष्पक्ष जाँच और कार्रवाई की मांग

घटना को लेकर नागरिकों एवं सामाजिक संगठनों ने जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जाँच, वायरल वीडियो की विधिवत समीक्षा तथा यदि लापरवाही सिद्ध होती है तो नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है। साथ ही भविष्य में औद्योगिक व सार्वजनिक संस्थानों में राष्ट्रीय आयोजनों के दौरान राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश और निगरानी व्यवस्था लागू करने की भी आवश्यकता जताई गई है।

आधिकारिक प्रतिक्रिया की प्रतीक्षा

समाचार लिखे जाने तक राशि स्टील प्रबंधन अथवा प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। प्रशासनिक प्रतिक्रिया आने पर समाचार को अद्यतन किया जाएगा।

whatsapp

 

Back to top button