Crime

Bhopal News: सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत, टक्कर मारने वाला वाहन हुआ लापता

युवक बाइक से बैरसिया की तरफ जा रहा था। ग्राम सिंघोढ़ा के पास अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। पीछे आ रहे स्वजन ने जब उसे रास्ते में घायल पड़ा हुआ देखा तो उसे निजी अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया। सिर में गंभीर चोट लगने की वजह से उसकी मौत हो गई।

HIGHLIGHTS

  1. नरसिंहगढ़ का रहने वाला था युवक।
  2. ग्राम सिंघोढ़ा के पास हुआ था हादसा।
  3. अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम।

 भोपाल। नजीराबाद थाना क्षेत्र में नरसिंहगढ़ से बैरसिया की तरफ जा रहे बाइक चालक को किसी वाहन ने सामने से टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायमी के बाद मामले को विवेचना में ले लिया है। युवक को टक्कर मारने के बाद भाग निकले वाहन के बारे में पुलिस को अभी तक कोई सुराग नहीं मिल सका है।

पीछे आ रहे थे स्वजन

नजीराबाद थाना प्रभारी कृष्णा ठाकुर ने बताया कि ग्राम बररायठा, नरसिंहगढ़ निवासी 30 वर्षीय शंभूसिंह लोवंशी निजी काम करता था। 13 सितंबर को वह बाइक से बैरसिया की तरफ जा रहा था। उसके परिवार के लोग दूसरी बाइक से पीछे आ रहे थे। शंभूसिंह जब ग्राम सिंघोढ़ा के पास पहुंचा, तभी सामने से किसी वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। घटना का पता तब चला जब पीछे आ रहे स्वजन वहां पहुंचे। शंभूसिंह को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसके सिर में गंभीर चोट लगी थी। इलाज के दौरान मंगलवार शाम को शंभू सिंह की मौत हो गई।

पटरी पर मिला शव, मोपेड से हुई पहचान

उधर, छोला मंदिर थाना थाना इलाके में सोमवार सुबह पातरा पुलिया के पास रेल पटरी पर एक युवक का शव बरामद किया गया था। घटनास्थल के पास ही एक मोपेड भी खड़ी मिली थी। मोपेड के आधार पर मृतक की पहचान अटल अय्यूब नगर निवासी 24 वर्षीय रोहित पुत्र मनोज पंथी के रूप में हुई। तलाशी में उसके पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस के मुताबिक प्रथम दृष्टया मामला खुदकुशी का लग रहा है, लेकिन उसने इस तरह का कदम क्यों उठाया, इस बात का पता लगाया जा रहा है।

Back to top button