उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में लड़की का बुलेट चलाना दबंगों को रास नहीं आया दरअसल, एक पिता ने अपनी बेटी को बुलेट चलाने को दी, जिसके बाद दबंगों ने युवती को बुलेट चलाने से मना किया और उसके पिता को समझाने की कोशिश भी की। जब वह नहीं मानी तो उसके पिता के साथ मारपीट कर उसके ऊपर फायरिंग कर दी।
यूपी (hct)। मामला ग्रेटर नोएडा के जारचा थाना क्षेत्र के मिलक खटना गांव का है। गांव के निवासी सुनील कुमार पेशे से किसान है। उनकी चार बेटियां और दो बेटे है। छोटी बेटी दादरी के एक कॉलेज में पढ़ती है। पढ़ाई के लिए वह बस से दादरी जाती थी। पिता की लाडली बेटी ने बस से कॉलेज जाने में परेशानी होने की बात कही। फिर पिता ने उसे नई बुलेट दिला दी।
लडक़ी के पिता की मानें तो 31 अगस्त को वह बुलेट पर दूध खरीदने के लिए बाजार गई थी।
प्रतीकात्मक छायाचित्र
सुनील कुमार ने बताया कि दुकान जाते समय गांव के कुछ युवकों ने उसे रोका और बाइक नहीं चलाने के लिए कहा। जब उसने कारण पूछा, तो आरोपियों ने कहा कि उन्हें लड़कियों का बाइक चलाना पसंद नहीं है। साथ ही गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी। पश्चात दबंगों ने लड़की के घर जाकर पिता के ऊपर फायरिंग किए जाने की भी जानकारी मिली है। जिसकी शिकायत लड़की के पिता ने जारचा थाने में जाकर की।
जारचा के थाना प्रभारी अनिल कुमार ने मीडिया को जानकारी दी कि, प्रथमदृष्टया यह मामला लड़की के बाइक चलाने का विरोध करने और परिवार को धमकी देने समेत अन्य कारणों को लेकर दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।