Crime

Bhopal News: पार्लर में श्वान की कैंची से काट दी जुबान, संचालिका के खिलाफ प्रकरण दर्ज

शहर के मिनाल इलाके में स्थित पार्लर में संचालिका श्वान के बाल और नाखून आदि काट रही थी। इसी दौरान दूसरे कक्ष में बैठी श्वान की मालकिन को श्वान के चीखने की आवाज आई। वह दौड़कर कमरे में पहुंची तो देखा की श्वान की जीभ से खून टपक रहा है। घटना के छह दिन बाद उन्होंने थाने में शिकायत दर्ज कराई।

HIGHLIGHTS

  1. श्वान को ग्रूमिंग के लिए लेकर पहुंची थी मालकिन।
  2. घटना के वक्त मालकिन दूसरे कक्ष में बैठी थी।
  3. पुलिस पार्लर पहुंची, तो संचालिका वहां नहीं मिली।

भोपाल Bhopal News। राजधानी के मिनाल में पार्लर संचालिका ने डेढ़ वर्ष के श्वान की ग्रूमिंग करने के दौरान उसकी जुबान काट दी। पार्लर संचालिका सृष्टि भगत श्वान के बाल और नाखून काट रही थी, इस दौरान श्वान उसे परेशान कर रहा था। तभी सृष्टि ने उसकी जुबान काट दी। सृष्टि ने जानबूझकर श्वान की जीभ काटी या उससे भूलवश यह कृत्य हुआ है, यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है। श्वान की मालकिन संगीता तिवारी की शिकायत पर अयोध्या नगर थाना पुलिस ने पार्लर संचालक सृष्टि के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया है।

यह है घटनाक्रम

अयोध्या नगर थाना पुलिस के अनुसार संगीता दुर्गेश विहार में अपने परिवार के साथ रहती हैं। वह 20 सितंबर को अपने डेढ़ वर्ष के श्वान के बाल और नाखूनों को कटवाने के लिए मिनाल गेट-एक के पास स्थित डॉग पार्लर गई थीं। पार्लर दो खंडों में विभाजित है। एक खंड में संगीता बैठकर इंतजार कर रही थीं, जबकि दूसरे खंड में श्वान की ग्रूमिंग की जा रही थी।
तभी संगीता को श्वान के तेज चिल्लाने की आवाज आई। यह सुनकर संगीता तुरंत भीतर की ओर भागीं। अंदर जाकर देखा तो श्वान की जीभ से खून निकल रहा था। उसकी जीभ का एक हिस्सा कट गया था। घटना के छह दिन बाद संगीता ने शिकायत दर्ज करवाई। वहीं पुलिस पार्लर पहुंची तो वहां से संचालिका सृष्टि गायब मिली। संचालिका ने बताया कि वह फिलहाल जयपुर में है और दो दिन बाद पहुंचेगी। पुलिस उसके भोपाल पहुंचने पर उससे पूछताछ करेगी।

Back to top button

You cannot copy content of this page