Other Districts

नरबदा में मानस गान, 10 लाख के टीना शेड की घोषणा

45 साल पुरानी मानस गान प्रतियोगिता में जुटे जनप्रतिनिधि और ग्रामीण, सीसी रोड, नाली व जर्जर आंगनबाड़ी भवनों की समस्याएं भी उठीं

बालोद/गुरूर। ग्राम नरबदा में 45 वर्षों से चली आ रही त्रि-दिवसीय मानस गान प्रतियोगिता के दौरान रविवार को धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन के साथ गांव की मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं भी जनप्रतिनिधियों के सामने रखी गईं। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ रेडक्रास सोसायटी के चेयरमैन एवं जिला पंचायत उपाध्यक्ष तोमन साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत बालोद की सभापति चन्द्रिका गंजीर ने की।

नरबदा मानस गान प्रतियोगिता में तोमन साहू और जनप्रतिनिधि
नरबदा में आयोजित त्रि-दिवसीय मानस गान प्रतियोगिता के दौरान मौजूद जनप्रतिनिधि और ग्रामीण।

कार्यक्रम में जनपद पंचायत गुरूर की अध्यक्ष सुनीता संजय साहू, स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग की सभापति संध्या अजेंद्र साहू, सेवानिवृत्त प्रधान पाठक एल.आर. साहू, ग्राम पंचायत सरबदा की सरपंच प्रीत गुरुपंच, उपसरपंच राजेंद्र कलिहारी और सचिव पूर्णिमा साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

इसे भी पढ़ें >> बोदल राशन वितरण में गड़बड़ी

धर्म मंच से विकास कार्यों की मांग

मानस गान प्रतियोगिता के दौरान ग्राम पंचायत की ओर से गांव की मूलभूत समस्याओं को लेकर जनप्रतिनिधियों को लिखित आवेदन सौंपा गया। इसमें ग्राम नरबदा में सीसी रोड और नाली निर्माण के साथ नरबदा एवं सरबदा के दोनों आंगनबाड़ी केंद्रों की जर्जर स्थिति का मुद्दा उठाया गया।
ग्रामीणों की ओर से इन समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक स्वीकृति और निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने की मांग की गई।

10 लाख रुपए के टीना शेड की घोषणा

कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष तोमन साहू ने धार्मिक आयोजनों के लिए टीना शेड निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि ग्राम नरबदा में जहां प्रतिवर्ष भागवत सहित अन्य धार्मिक आयोजन होते हैं, वहां ग्रामीणों की सुविधा को देखते हुए आने वाले एक वर्ष के भीतर लगभग 10 लाख रुपए की लागत से टीना शेड का निर्माण कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि शेड का उपयोग धार्मिक आयोजनों के साथ ग्रामीणों के अन्य सामुदायिक कार्यक्रमों में भी किया जा सकेगा। घोषणा के बाद कार्यक्रम स्थल पर मौजूद ग्रामीणों ने प्रसन्नता व्यक्त की।

45 साल पुरानी परंपरा में दिखी भक्ति और संस्कृति

नरबदा में आयोजित मानस गान प्रतियोगिता लगातार तीन दिनों तक चली। मानस गान की प्रस्तुतियों के दौरान धर्म मंच पर रामचरितमानस के जयघोष से वातावरण भक्तिमय रहा। आयोजन समिति, नवजागरण नवयुवक मंडल और ग्रामवासियों की ओर से अतिथियों का साल, श्रीफल और भगवान श्रीरामचंद्र का चित्र भेंट कर स्वागत किया गया।

जिला पंचायत सभापति चन्द्रिका गंजीर –  नरबदा की वर्षों पुरानी मानस गान परंपरा धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। उन्होंने ग्रामीणों की विकास संबंधी मांगों को संबंधित स्तर पर रखने और आवश्यक सहयोग का प्रयास करने की बात कही।

जनपद पंचायत गुरूर की अध्यक्ष सुनीता संजय साहू ने कहा कि – मानस गान के माध्यम से संस्कृति और परंपरा नई पीढ़ी तक पहुंच रही है। उन्होंने ग्रामीणों की मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी मांगों के निराकरण के लिए पहल का आश्वासन दिया।

स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग की सभापति संध्या अजेंद्र साहू ने नरबदा और सरबदा के जर्जर आंगनबाड़ी भवनों की समस्या को संबंधित स्तर पर रखने की बात कही।

ग्राम पंचायत की ओर से कहा गया कि सीसी रोड, नाली निर्माण और आंगनबाड़ी भवनों की स्थिति में सुधार गांव की प्रमुख जरूरतों में शामिल है। इन्हीं मांगों को लेकर जनप्रतिनिधियों को लिखित आवेदन दिया गया है।

Balod pratinidhi
अमीत मंडावी संवाददाता
whatsapp joining link
Join our whatsapp group

Back to top button