Other Districts

नरबदा में किसानों के मुआवजे का मुद्दा उठा

मानस गान के समापन में विधायक संगीता सिन्हा ने दिया भरोसा, सरबदा में टीना शेड के लिए 7 लाख की घोषणा

बालोद/गुरूर। ग्राम नरबदा में 45 वर्षों से चली आ रही त्रि-दिवसीय संगीतमय मानस गान प्रतियोगिता का धार्मिक एवं सांस्कृतिक वातावरण के बीच समापन हुआ। समापन समारोह में क्षेत्रीय विधायक संगीता सिन्हा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस दौरान ग्रामीणों ने गांव और क्षेत्र की विभिन्न समस्याएं विधायक के सामने रखीं। इनमें नहर का गेट चोरी होने के बाद फसल बर्बाद होने और प्रभावित किसानों को अब तक मुआवजा नहीं मिलने का मामला प्रमुखता से उठाया गया।

ग्रामीणों के अनुसार वर्ष 2025 में रबी फसल की बोआई के दौरान जल संसाधन विभाग बालोद के कुलिया माइनर का गेट अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर लिया गया था। गेट नहीं होने के कारण नहर का पानी अनियंत्रित होकर ग्राम दुपचेरा होते हुए नरबदा के खार तक पहुंच गया। इससे करीब 25 एकड़ में लगी दलहन, तिलहन, गेहूं और चने की फसल पानी में डूबकर बर्बाद हो गई।

इसे भी पढ़ें >> नरबदा में मानस गान, 10 लाख की टिन शेड की घोषणा

ग्रामीणों ने बताया कि फसल नुकसान से करीब 59 से 60 किसान प्रभावित हुए हैं। नुकसान के बाद किसानों ने मुआवजे की मांग को लेकर बालोद कलेक्टर के समक्ष लिखित शिकायत भी प्रस्तुत की थी। किसानों का कहना है कि काफी समय बीत जाने के बावजूद उन्हें अब तक मुआवजे की राशि नहीं मिली है।

‘एक दिन साथ दें, तहसील कार्यालय के सामने धरने पर बैठूंगी’

ग्रामीणों की समस्या सुनने के बाद विधायक संगीता सिन्हा ने कहा कि यदि सभी प्रभावित किसान एक दिन उनका साथ दें तो वे मुआवजे की मांग को लेकर तहसील कार्यालय के सामने धरने पर बैठने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को हुई आर्थिक क्षति का मुआवजा दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर इस मामले को विधानसभा में भी उठाया जाएगा।

विधायक ने कहा कि क्षेत्र की जनता की समस्याएं, मांग और अधिकार उनके लिए महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने किसानों और ग्रामीणों को उनके अधिकारों की लड़ाई में साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।

राशन कार्ड और बिजली बिल की समस्या भी उठी

मानस गान के मंच पर ग्रामीणों ने राशन कार्ड में नाम जुड़वाने, नए राशन कार्ड बनवाने और बढ़ते बिजली बिल सहित कई समस्याएं भी विधायक के सामने रखीं। आगामी धान खरीदी को लेकर किसानों ने सर्वर संबंधी परेशानियों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि धान बेचने के दौरान तकनीकी दिक्कतों के कारण उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ता है। विधायक ने ग्रामीणों को समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक प्रयास करने का भरोसा दिया।

सरबदा में टीना शेड के लिए 7 लाख की घोषणा

कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत सरबदा में टीना शेड निर्माण के लिए विधायक संगीता सिन्हा ने 7 लाख रुपये देने की घोषणा की। घोषणा के बाद ग्रामीणों ने विधायक का आभार जताया।

गांधी के आदर्शों पर चलने का आह्वान

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे गुरूर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष किशोर साहू ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और जनसेवा के सिद्धांतों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गांधी जी के विचार आज भी समाज को दिशा देने का काम करते हैं।

कार्यक्रम में नंद कुमार साहू, मंडल जोन अध्यक्ष, केशुराम साहू, सेक्टर प्रभारी, प्रीत गुरुपंच, सरपंच ग्राम पंचायत सरबदा, राजेंद्र कलिहारी, उपसरपंच, भुवन लाल साहू, ग्राम विकास समिति अध्यक्ष नरबदा सहित नवजागरण नवयुवक मंडल के सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

45 साल की परंपरा, मंच पर धर्म के साथ जनसरोकार

नरबदा मानस गान कार्यक्रम में किसानों की समस्याएं सुनती विधायक संगीता सिन्हा
नरबदा में मानस गान प्रतियोगिता के समापन समारोह के दौरान ग्रामीणों की समस्याएं सुनती विधायक संगीता सिन्हा।

ग्राम नरबदा में 45 वर्षों से चली आ रही मानस गान प्रतियोगिता के समापन अवसर पर धार्मिक आस्था और लोक संस्कृति के साथ ग्रामीण समस्याओं का मुद्दा भी सामने आया। मानस गान की प्रस्तुतियों ने जहां श्रद्धालुओं को जोड़े रखा, वहीं किसानों की फसल बर्बादी और मुआवजे की मांग ने आयोजन को ग्रामीण जनसरोकार के मंच में बदल दिया।

Balod pratinidhi
अमीत मंडावी संवाददाता
whatsapp joining link
Join our whatsapp group

Back to top button