Chhattisgarh

महासमुंद में नशे के सौदागरों पर बड़ा प्रहार, 48 घंटे में 90 किलो से अधिक गांजा जब्त

एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की एंड-टू-एंड कार्रवाई, 5 मामलों में 11 तस्कर गिरफ्तार, अंतरराज्यीय सप्लाई चैन ध्वस्त

महासमुंद hct : जिला महासमुंद में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) एवं जिला पुलिस ने संयुक्त रूप से प्रभावी कार्रवाई करते हुए बीते 48 घंटों में नारकोटिक्स एक्ट के अंतर्गत पांच अलग-अलग प्रकरणों में 90.920 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। जब्त किए गए गांजे की अनुमानित बाजार कीमत 45 लाख 46 हजार रुपये आंकी गई है। इस दौरान अंतरराज्यीय तस्करी में संलिप्त 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की गई है।

एंड-टू-एंड विवेचना से सप्लाई चैन पर सीधा प्रहार

पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिले में पंजीबद्ध नारकोटिक्स एक्ट के मामलों में एंड-टू-एंड इन्वेस्टिगेशन अपनाते हुए तस्करी नेटवर्क को जड़ से तोड़ने की रणनीति पर काम किया जा रहा है। इसका उद्देश्य केवल परिवहनकर्ताओं की गिरफ्तारी तक सीमित न रहकर, पूरे सप्लाई चैन—सोर्स से डेस्टिनेशन तक—की पहचान कर कार्रवाई करना है।

जनवरी माह में अब तक 10 करोड़ से अधिक की जब्ती

mahasamund-antf-action-90-kg-ganja-seizedजनवरी 2026 के दौरान महासमुंद जिले में मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अब तक 2067.716 किलोग्राम गांजा जब्त किया जा चुका है, जिसकी कुल अनुमानित कीमत 10 करोड़ 31 लाख 24 हजार 108 रुपये है। इसके अतिरिक्त 146 नग अवैध कफ सिरप भी बरामद किए गए हैं। इस अवधि में कुल 52 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं एंड-टू-एंड विवेचना के तहत 8 प्रकरणों में 27 आरोपियों को जेल भेजा गया, साथ ही एक विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की गई है।

उड़ीसा से छत्तीसगढ़-राजस्थान-मध्यप्रदेश तक फैला नेटवर्क

पिछले 48 घंटों में सामने आए पांचों प्रकरणों में यह तथ्य उजागर हुआ है कि गांजे की खेप मुख्य रूप से उड़ीसा के फुलबनी, गंजाम, सोनपुर और लखमारा क्षेत्र से लाई जा रही थी। इन खेपों को छत्तीसगढ़ के रायपुर, बिलासपुर, कोरबा सहित राजस्थान और मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों तक पहुंचाने की योजना थी। इससे यह स्पष्ट होता है कि तस्करी का नेटवर्क अंतरराज्यीय स्तर पर संगठित रूप से संचालित किया जा रहा है।

इसे भी पढ़ें : मैनपुर कोटवार नियुक्ति विवाद : एसडीएम तुलसीदास का फैसला ‘कटघरे में’

कार, बाइक और स्कूटी के जरिए किया जा रहा था परिवहन

कार्रवाई के दौरान तस्करी में प्रयुक्त होंडा जैज़, अर्टिगा, महिंद्रा क्वांटो जैसी कारों के अलावा मोटरसाइकिल और स्कूटी भी जब्त की गई हैं। जब्त वाहनों की कुल अनुमानित कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि छोटे और निजी वाहनों का उपयोग कर तस्कर चेकिंग से बचने की कोशिश कर रहे थे।

पांच प्रकरणों में 11 आरोपी गिरफ्तार

इन सभी मामलों में कुल 11 आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपी मध्यप्रदेश, राजस्थान, उड़ीसा और छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के निवासी हैं। प्रारंभिक पूछताछ में तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और संभावित नेटवर्क की जानकारी सामने आई है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

सख्ती जारी रखने का संकेत

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और जिला महासमुंद पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से की गई यह कार्रवाई नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

सुनील महापात्र महासमुंद ब्यूरो
whatsapp

Back to top button