Crime

टिकरापारा पुलिस की कार्रवाई, 9 बदमाशों पर शिकंजा।

नशेड़ी, गंजेड़ी, चाकूबाज और अड्डेबाजी करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर बीएनएसएस की धाराओं में की गई कार्रवाई।

रायपुर hct : राजधानी के टिकरापारा थाना क्षेत्र में असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर नशेड़ी, गंजेड़ी, चाकूबाज और सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी करने वाले 9 बदमाशों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ बीएनएसएस की विभिन्न धाराओं के तहत इस्तगासा तैयार कर एसीपी कार्यालय में पेश किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप पटेल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा तथा सहायक पुलिस आयुक्त न्यू राजेंद्र नगर नवनीत पाटिल के निर्देश पर थाना क्षेत्र में लगातार गश्त बढ़ाई जा रही है। वरिष्ठ अधिकारियों ने क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार मरई को असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।

इसे भी पढ़े >> आबकारी उड़नदस्ता की कार्यप्रणाली पर उठते सवाल

निर्देशों के पालन में टिकरापारा पुलिस द्वारा दो अलग-अलग संयुक्त टीमों का गठन कर संवेदनशील इलाकों में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी लेने के साथ-साथ वाहनों की जांच की गई और सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक रूप से जमावड़ा लगाकर अड्डेबाजी करने वालों पर विशेष नजर रखी गई।

अभियान के दौरान कुल 9 बदमाशों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की प्रतिबंधात्मक धाराओं 170, 126 एवं 135(3) के तहत कार्रवाई करते हुए इस्तगासा तैयार कर एसीपी कार्यालय में प्रस्तुत किया गया।

थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार मरई ने बताया कि क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार के अभियान लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि नशाखोरी, चाकूबाजी और अड्डेबाजी जैसी गतिविधियों में संलिप्त असामाजिक तत्वों के विरुद्ध पुलिस की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

telegram link

Back to top button