Chhattisgarh

पत्थलगांव थाना के अंदर पत्रकार से झूमा झटकी !

थाने के भीतर बवाल : आदिवासी भूमि मामले में पहुंचे अमित पांडे से धक्का-मुक्की, कॉलर पकड़ने और गाली-गलौज का आरोप

पत्थलगांव थाना विवाद : मुख्यमंत्री के गृह जिले जशपुर के पत्थलगांव थाने के भीतर का एक बेहद चिंताजनक वीडियो वायरल हो रहा है। यहाँ SDOP और TI की मौजूदगी में टीआई के कमरे में घुसकर गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और पत्रकार को धमकाने का आरोप लगा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मामला एक आदिवासी व दलित परिवार की जमीन पर कब्जे और संदिग्ध मौत की जांच से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है।

पत्थलगांव थाना विवाद के दौरान कॉलर पकड़ने और गाली-गलौज के आरोप

जशपुरनगर जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना परिसर में रविवार को उस समय अभूतपूर्व स्थिति बन गई, जब आदिवासी भूमि से जुड़े एक मामले में शिकायत दर्ज कराने पहुंचे सोशल मीडिया एक्टिविस्ट अमित पांडे का अग्रवाल समाज के कुछ लोगों से आमना-सामना हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि थाना परिसर के भीतर ही उनके साथ धक्का-मुक्की हुई। आरोप है कि इस दौरान उनका कॉलर पकड़ लिया गया और पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में अश्लील गाली-गलौज भी की गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अमित पांडे कुछ महिलाओं के साथ आदिवासी भूमि से जुड़े प्रकरण में शिकायत दर्ज कराने पत्थलगांव थाने पहुंचे थे। इसी दौरान अग्रवाल समाज के कई सदस्य भी वहां पहुंच गए। दोनों पक्षों के आमने-सामने आते ही तीखी बहस शुरू हो गई, जिसने कुछ ही देर में उग्र रूप ले लिया।

इसे भी पढ़ें >> आबकारी उड़नदस्ता पर उगाही का…!

मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि विवाद के दौरान कुछ लोगों ने अमित पांडे को घेर लिया। आरोप है कि उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए उनका कॉलर पकड़ लिया गया और अपशब्द कहे गए। यह पूरा घटनाक्रम थाना परिसर के भीतर और पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में हुआ। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को अलग किया, जिसके बाद स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो सकी।

अग्रवाल समाज के प्रतिनिधियों का कहना है कि वे सोशल मीडिया पर समाज के विरुद्ध कथित आपत्तिजनक और भ्रामक टिप्पणियों को लेकर अपना विरोध दर्ज कराने पहुंचे थे। उनका आरोप है कि इस संबंध में पहले भी शिकायतें की जा चुकी हैं और प्रशासन से कार्रवाई की मांग की गई है।

दूसरी ओर, अमित पांडे समर्थकों का कहना है कि वे आदिवासी भूमि से जुड़े मामले में आवाज उठाने और शिकायत दर्ज कराने पहुंचे थे, लेकिन उन्हें ही निशाना बनाया गया। उनका आरोप है कि थाना परिसर जैसी सुरक्षित मानी जाने वाली जगह पर उनके साथ हुई अभद्रता कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

घटना के वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें थाना परिसर के भीतर दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक, धक्का-मुक्की और पुलिस द्वारा बीच-बचाव करते हुए हालात नियंत्रित करने का प्रयास दिखाई देता है। वीडियो के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच की मांग भी उठ रही है। देखिए वीडियो –

पत्थलगांव थाना विवाद मामले में पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी तथ्यों, वीडियो फुटेज और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच के निष्कर्षों के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी विवाद का समाधान कानून के दायरे में रहकर करें और सार्वजनिक व्यवस्था भंग करने से बचें।

whatsapp logo

Back to top button