Chhattisgarh

भाठागांव अतिक्रमण : नाले पर विराजमान हनुमान, सड़कों पर पसरा बाजार !

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी वार्ड क्रमांक 61 में सड़क किनारे फैला बाजार, नाले के ऊपर निर्मित धार्मिक ढांचा और बढ़ते अतिक्रमण को लेकर स्थानीय लोगों में चर्चा तेज

भाठागांव अतिक्रमण का मुद्दा इन दिनों रायपुर नगर निगम के जोन क्रमांक 6 अंतर्गत आने वाले डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी वार्ड क्रमांक 61 में चर्चा का विषय बना हुआ है। सड़क किनारे फैले अस्थायी बाजार, सार्वजनिक भूमि पर बढ़ते कब्जों तथा नाले के ऊपर निर्मित धार्मिक ढांचे को लेकर स्थानीय नागरिक लगातार सवाल उठा रहे हैं। क्षेत्र में बढ़ती अव्यवस्था और यातायात संबंधी परेशानियों ने इस पूरे मामले को और अधिक गंभीर बना दिया है।

अंडर ब्रिज से शुरू होती अव्यवस्था की तस्वीर

राजधानी hct : रायपुर के जोन क्रमांक 6 अंतर्गत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी वार्ड क्रमांक 61 इन दिनों अव्यवस्था और अतिक्रमण को लेकर चर्चा का विषय बना हुआ है। वार्ड के विभिन्न हिस्सों में सड़क किनारे फैला असंगठित बाजार, सार्वजनिक मार्गों पर बढ़ता दबाव और नाले के ऊपर बने धार्मिक ढांचे को लेकर स्थानीय नागरिकों के बीच असंतोष दिखाई दे रहा है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि समस्या नई नहीं है, लेकिन समय के साथ इसका स्वरूप और व्यापक होता जा रहा है।

अंडर ब्रिज से भाठागांव की ओर प्रवेश करते ही सड़क की स्थिति और यातायात व्यवस्था कई सवाल खड़े करती है। सड़क पर धूल, अव्यवस्थित पार्किंग और दोनों ओर फैले अस्थायी व्यवसायों के कारण राहगीरों तथा वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क के किनारे बैठने वाले कुछ फल विक्रेताओं ने धीरे-धीरे अपने कारोबार का विस्तार करते हुए सड़क के हिस्से तक कब्जा जमा लिया है, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है।

भाठागांव अतिक्रमण : आधी सड़क बाजार के हवाले

भाठागांव वार्ड में नाले के समीप स्थित हनुमान मंदिर और सड़क किनारे फैला फल बाजार, जिससे यातायात एवं अतिक्रमण की स्थिति दिखाई दे रही है।क्षेत्र में रोजाना बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही होती है, लेकिन सड़क के दोनों किनारों पर फैले ठेले और अस्थायी दुकानों के कारण यातायात अक्सर बाधित होता दिखाई देता है। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि कई स्थानों पर अतिक्रमण इस हद तक बढ़ चुका है कि सड़क की वास्तविक चौड़ाई सिकुड़ गई है। इसके चलते जाम की स्थिति बनती है और दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।लेकिन जमीन पर उसका असर दिखाई नहीं देता। परिणामस्वरूप अस्थायी बाजार लगातार स्थायी स्वरूप ग्रहण करता जा रहा है। लोगों का मानना है कि यदि समय रहते व्यवस्था नहीं की गई तो आने वाले दिनों में समस्या और गंभीर हो सकती है।

भाठागांव अतिक्रमण : नाले के ऊपर बने मंदिर

भाठागांव वार्ड में नाले के समीप स्थित हनुमान मंदिरवार्ड में चर्चा का एक अन्य विषय नाले के ऊपर निर्मित धार्मिक ढांचा भी है। स्थानीय लोगों के अनुसार नाला निर्माण के बाद उसी क्षेत्र में हनुमान मंदिर स्थापित कर दिया गया, जिसके आसपास अब व्यावसायिक गतिविधियां भी संचालित होती दिखाई देती हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि धार्मिक आस्था अपनी जगह महत्वपूर्ण है, लेकिन सार्वजनिक भूमि, नाले और यातायात व्यवस्था से जुड़े नियमों का पालन भी उतना ही आवश्यक है।

इसे भी पढ़ें >> भाठागांव अवैध प्लॉटिंग : नाम सामने कार्रवाई फिर भी “अज्ञात” पर ?

सवाल यह खड़ा होता है कि यदि किसी सार्वजनिक संरचना या नाले के ऊपर किसी प्रकार का निर्माण हुआ है तो उसकी वैधानिक स्थिति स्पष्ट की जानी चाहिए। प्रशासन को पूरे क्षेत्र का सर्वे कराकर यह सुनिश्चित करना चाहिए कि सार्वजनिक सुविधाओं और आवागमन पर किसी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।

जनप्रतिनिधियों और निगम प्रशासन से अपेक्षा

वार्ड के रहवासियों का मानना है कि समस्या का समाधान केवल कार्रवाई से नहीं बल्कि सुनियोजित पुनर्व्यवस्था से संभव है। यदि फल एवं सब्जी विक्रेताओं के लिए निर्धारित स्थान विकसित किए जाएं तथा सड़क और नाले की सीमाओं का स्पष्ट निर्धारण किया जाए तो यातायात और व्यापार दोनों प्रभावित नहीं होंगे। नागरिकों का कहना है कि नगर निगम, जोन कार्यालय और जनप्रतिनिधियों को संयुक्त रूप से क्षेत्र का निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति का आकलन करना चाहिए ताकि सार्वजनिक भूमि, सड़क और नाले पर किसी भी प्रकार के अतिक्रमण की स्थिति स्पष्ट हो सके।

क्या कहते हैं जिम्मेदार –

हितेंद्र यादव
मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जोन क्रमांक 6
फोन उठाना मुनासिब ही नहीं समझते, शायद फोन उठाने की उनमे शक्ति ही नहीं बची या फिर उनका फोन इतना भारी है कि वे यदा-कदा ही उठा पाते होंगे।

बद्री प्रसाद गुप्ता
जोन अध्यक्ष, जोन क्रमांक 6
ने इस सम्बन्ध में कहा कि मंदिर के बारे में तो उन्हें कोई जानकारी ही नहीं मगर हाँ, फल विक्रेताओं का जो अवैध बाजार है उस पर कार्रवाई जरूर होना चाहिए।

ब्रम्हा सोनकर
छाया पार्षद, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी वार्ड क्रमांक 61
हनुमान जी का मंदिर काफी पुराना है और आस्था का केंद्र है, अतः भगवन जहाँ विराजे वहीँ हमारी आस्था है। रही बात बगल में दुकानदारी की तो यह भाठागांव पहले ग्राम पंचायत के अंतर्गत आता है तब से उक्त व्यक्ति का वहां पर डेरा डंडा है, फल व्यापारियों हालाँकि कब्ज़ा जमाए है तो भूपेश सरकार के समय उनके व्यवस्थापन की प्रक्रिया हुई थी तथा भूमि पूजन भी किया गया था मगर सरकार बदली तो मामला ठन्डे बस्ते में चला गया है निगम प्रशासन को इस दिशा में कदम उठाया जाना चाहिए।

 

whatsapp logo
whatsapp

Back to top button