Chhattisgarh

भाठागांव : प्लॉटिंग और पार्षद कनेक्शन (II)

खसरा 1360/1 की जमीन का लेआउट मिला, पार्षद के भाई का नाम चर्चा में; जोन आयुक्त बोले – “दस्तावेज जुटाए जा रहे, कार्रवाई होगी”

रायपुर hct : राजधानी रायपुर के भाठागांव में अवैध प्लॉटिंग का मामला अब एक नए मोड़ पर पहुंच गया है। हाल ही में इसी इलाके में “शंकरा विहार” नाम से विकसित हो रही कॉलोनी पर प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई की थी, जिसके बाद यह कहा गया था कि अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ निगरानी और कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। लेकिन अब उसी क्षेत्र की एक दूसरी जमीन से जुड़ा प्लॉटिंग का लेआउट सामने आने के बाद पूरे घटनाक्रम को लेकर नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। स्थानीय स्तर पर लोग यह सवाल उठा रहे हैं कि यदि एक जगह कार्रवाई हो चुकी है, तो उसी इलाके में दूसरी जमीन पर प्लॉटिंग की तैयारियों की चर्चा आखिर कैसे सामने आ रही है।

नक्शे ने बढ़ाई भाठागांव प्लॉटिंग की चर्चा

भाठागांव क्षेत्र में सामने आए एक लेआउट नक्शे ने पूरे मामले को और चर्चा में ला दिया है। बताया जा रहा है कि इस नक्शे में जमीन को कई छोटे-छोटे प्लॉटों में विभाजित करते हुए रास्तों और प्लॉट नंबरों का पूरा प्रारूप दर्शाया गया है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार यह लेआउट उसी जमीन से जुड़ा बताया जा रहा है, जहां पिछले कुछ समय से प्लॉटिंग गतिविधियों की चर्चा चल रही थी। नक्शे के सामने आने के बाद यह सवाल और गहरा गया है कि क्या इस जमीन पर प्लॉटिंग की तैयारी पहले से चल रही थी।

राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज जमीन

भाठागांव अवैध प्लॉटिंग मामले से जुड़ा दस्तावेजउपलब्ध राजस्व रिकॉर्ड के अनुसार भाठागांव स्थित खसरा नंबर 1360/1 की लगभग 1.0160 हेक्टेयर जमीन अमित अग्रवाल पिता स्वर्गीय राधेश्याम अग्रवाल के नाम दर्ज बताई जाती है। हालांकि जमीन के स्वामित्व और उस पर होने वाली गतिविधियों को लेकर अब अलग-अलग तरह की चर्चाएं सामने आने लगी हैं। स्थानीय स्तर पर यह भी कहा जा रहा है कि इस जमीन को व्यवस्थित तरीके से प्लॉटों में विभाजित करने की योजना पहले से तैयार की गई थी, जिसका संकेत सामने आए लेआउट नक्शे से भी मिलता है।

प्लॉटिंग गतिविधियों में लखन सोनकर का नाम चर्चा में

इसी जमीन को लेकर क्षेत्र में एक और चर्चा तेजी से सामने आ रही है। स्थानीय लोगों और कुछ बिचौलियों की बातचीत के आधार पर यह कहा जा रहा है कि इस जमीन पर प्लॉटिंग से जुड़ी गतिविधियों में लखन सोनकर की भूमिका बताई जा रही है। लखन सोनकर को स्थानीय वार्ड पार्षद रवि सोनकर का भाई बताया जाता है। हालांकि इस संबंध में अभी तक किसी आधिकारिक स्तर पर पुष्टि सामने नहीं आई है, लेकिन जमीन से जुड़े लेआउट के सामने आने के बाद इस पूरे मामले को लेकर चर्चाओं का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है।

इसे भी पढ़ें : भाठागांव : अवैध प्लॉटिंग का कारोबार, पार्षद के भाई की कथित संलिप्तता

शंकरा विहार कार्रवाई के बाद नया सवाल

गौरतलब है कि कुछ ही दिन पहले भाठागांव क्षेत्र में “शंकरा विहार” नाम से विकसित हो रही कॉलोनी को लेकर शिकायत सामने आई थी, जिसमें करीब 6 से 7 एकड़ जमीन पर बिना अनुमति प्लॉटिंग किए जाने का आरोप लगाया गया था। इसके बाद नगर निगम और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और बुलडोजर कार्रवाई की गई। उस समय अधिकारियों ने इसे अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ सख्त कदम बताते हुए आगे भी निगरानी जारी रखने की बात कही थी। लेकिन अब उसी क्षेत्र की दूसरी जमीन से प्लॉटिंग का लेआउट सामने आने के बाद यह सवाल फिर उठने लगा है कि क्या इलाके में ऐसी गतिविधियां पहले से चल रही थीं।

जोन आयुक्त का जवाब : “दस्तावेज जुटाए जा रहे”

दस्तावेज जुटाए जा रहे : जोन कमिश्नर
हितेंद्र यादव, जोन कमिश्नर

इसी मामले को लेकर जब नगर निगम जोन-6 के जोन आयुक्त हितेंद्र यादव से चर्चा की गई और उनसे पूछा गया कि शंकरा विहार में अवैध प्लॉटिंग के नाम पर कार्रवाई की गई है और आगे भी कार्रवाई जारी रहने की बात कही गई थी, लेकिन उसी क्षेत्र में खसरा नंबर 1360/1 की जमीन पर कथित प्लॉटिंग को लेकर अब तक कार्रवाई क्यों नहीं की गई है। इस पर उन्होंने संक्षिप्त प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि “उस पर भी कार्रवाई होगी, संबंधित विभाग से उसके दस्तावेज जुटाए जा रहे हैं।” इतना कहने के बाद उन्होंने बातचीत समाप्त कर दी। अब पूरे इलाके में यह चर्चा है कि दस्तावेजों की जांच के बाद प्रशासन इस मामले में आगे क्या कदम उठाता है।

भाठागांव : प्लॉटिंग की बुकिंग का खेल (III)

whatsapp

Back to top button