Crime

मैनपुर : कुल्हाड़ी लेकर युवक ने मचाया आतंक, एक ग्रामीण की हत्या, एक घायल

एक ग्रामीण की मौत के बाद गांव में पसरा खौफ, आरोपी के हाथ में कुल्हाड़ी देख सहमे लोग; पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को काबू किया, कवरेज के दौरान पत्रकार भी हमले की जद में आए

मैनपुर (गरियाबंद) hct : मैनपुर क्षेत्र के शोभा थाना अंतर्गत ग्राम पेंड्रा में बुधवार को हुई हिंसक घटना ने पूरे गांव को दहला दिया। गांव में एक ग्रामीण की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या किए जाने की खबर के बाद हालात इतने तनावपूर्ण हो गए कि लोग घरों से निकलने में भी सावधानी बरतते नजर आए। गांव की गलियों में सामान्य चहल-पहल की जगह हाथों में डंडा लिए समूहों में नजर आए ग्रामीण।

मौके पर मौजूद ग्रामीणों के अनुसार, गांव में हीरा नामक युवक पर एक ग्रामीण की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या करने का आरोप है। हमले में ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है। घटना के बाद आरोपी के कथित तौर पर हाथ में कुल्हाड़ी लेकर गांव में घूमने और सामने आने वाले लोगों को दौड़ाने की बात भी सामने आई है।

मैनपुर कुल्हाड़ी हमले के बाद हर हाथ में डंडा

पेंड्रा में घटना के बाद का माहौल सामान्य गांव जैसा नहीं था। ग्रामीण अकेले चलने के बजाय समूह में नजर आए। सुरक्षा को लेकर कई ग्रामीणों ने हाथों में डंडे थाम रखे थे। किसी अनहोनी की आशंका के बीच लोग एक-दूसरे के संपर्क में रहकर आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखते दिखाई दिए। ग्रामीणों के चेहरे पर डर साफ नजर आ रहा था। गांव की स्थिति को देखकर अंदाजा लगाया जा सकता था कि घटना का असर केवल एक परिवार तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पूरे गांव में भय का वातावरण बन गया था।

कवरेज करने पहुंचे पत्रकार भी बने निशाना

मैनपुर कुल्हाड़ी हमले के बाद गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि घटनास्थल की स्थिति जानने और कवरेज करने पहुंचे पत्रकारों को भी अपनी सुरक्षा के लिए मौके से भागना पड़ा। कवरेज के दौरान आरोपी की गतिविधियां आक्रामक होने पर वहां मौजूद पुलिस जवानों, ग्रामीणों और पत्रकारों के बीच भी जान बचाने को लेकर भाग-दौड़ मच गई।

इसे भी पढ़ें >> खोखमा पंचायत में 1.51 लाख का घोटाला !

इस भागदौड़ के दौरान साथी पत्रकार मुकेश सोनी (मैनपुर) भी बदहवास होकर गिर पड़े। बताया गया कि आरोपी के वार की जद में आने से वे बाल-बाल बचे। मौके की यह स्थिति बताती है कि उस समय गांव में हालात कितने भयावह और असामान्य थे। घटना को कैमरे में दर्ज करने और मौके की जानकारी जुटाने पहुंचे पत्रकारों के लिए भी वहां रहना जोखिम से खाली नहीं था।

हत्या के बाद कमरे में छिपने की बात

बताया जा रहा है कि पुलिस और ग्रामीणों की मौजूदगी बढ़ने के बाद आरोपी अपने कमरे में जाकर छिप गया। इसके बाद पुलिस ने उसके संभावित ठिकाने के आसपास घेराबंदी कर निगरानी शुरू की। इसी दौरान आरोपी द्वारा कमरे के भीतर से गुलेल के जरिए भी हमला करने का प्रयास किए जाने की जानकारी सामने आई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस बल ने आरोपी के छिपे होने वाले स्थान को घेर लिया। ग्रामीणों की मदद से पुलिस की घेराबंदी कर आखिरकार आरोपी को धर दबोचा।

पुलिस अब घटना के पीछे की वास्तविक वजह, मृतक और आरोपी के बीच विवाद, हमले की परिस्थितियों तथा घायल व्यक्ति की स्थिति समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल घटना के पीछे का वास्तविक कारण क्या था, पुलिस की जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

मुकेश सोनी, संवाददाता
whatsapp joining link
Join our whatsapp group

Back to top button