Crime

उज्जैन में दुष्कर्म का वीडियो वायरल करने वाले की तलाश, प्रियंका वाड्रा के पोस्ट से गरमाई राजनीति

उज्जैन शहर में महिला के साथ फुटपाथ पर दुष्कर्म (Ujjain Rape Case) की घटना को लेकर राजनीति गरमा गई है। इस मामले में प्रियंका गांधी वाड्रा और कमल नाथ ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है। भाजपा नेताओं का कहना है कि यह एमपी को बदनाम कर रहे हैं। इधर पुलिस वीडियो बनाने वाले की तलाश कर रही है।

HighLights

  1. प्रियंका वाड्रा ने लिखा- पवित्र भूमि पर मानवता शर्मसार हुई।
  2. पूर्व सीएम कमल नाथ ने लिखा- प्रदेश में कानून व्यवस्था ठप।
  3. वीडियो बनाने वाला नागदा की बस से उज्जैन में उतरा था।

 उज्जैन (Ujjain Rape Case)। उज्जैन के कोयला फाटक क्षेत्र में एक महिला के साथ फुटपाथ पर दुष्कर्म के मामले में राजनीति गरमाई हुई है। शुक्रवार को कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा व पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने सोशल मीडिया पर पोस्ट की है। प्रियंका ने लिखा कि पवित्र भूमि पर ऐसी घटना से मानवता कलंकित हुई है। वहीं कमल नाथ ने कानून व्यवस्था ठप होने की बात लिखी।

इधर पुलिस घटना का वीडियो बनाकर वायरल करने वाले की तलाश में जुटी है। बता दें कि मेघनगर झाबुआ में रहने वाली 45 वर्षीय महिला उज्जैन में आकर रह रही थी। महिला को झांसा देकर लोकेश पुत्र ओंकारलाल निवासी राजीव नगर ने पहले शराब पिलाई और फिर दुष्कर्म किया था।

दुष्कर्म के आरोपित की वीडियो से हुई थी पहचान

किसी व्यक्ति ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था। मामले में पुलिस ने बुधवार को वीडियो के आधार पर आरोपित लोकेश की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया था। गुरुवार को उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया।

पुलिस अब दुष्कर्म का वीडियो बनाने वाले की तलाश में जुटी है। एएसपी नीतेश भार्गव ने बताया कि जिस व्यक्ति ने मोबाइल से वीडियो बनाया उसने दुष्कर्म करने वाले व्यक्ति को रोका क्यों नहीं, इसके अलावा उसने वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिया।

वीडियो बनाने वाला नागदा से आई बस से उतरा था

जांच में सामने आया है कि वीडियो बनाने वाला व्यक्ति नागदा से आई बस से कोयला फाटक पर उतरा था। पुलिस उसकी पहचान करने में जुटी। इसके अलावा घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

कांग्रेस मध्य प्रदेश को कर रही बदनाम

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि मप्र में डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार है। यहां कानून अपना काम करता है। प्रदेश में कोई भी घटना होती है तो उस पर तत्काल कार्रवाई होती है। उज्जैन की घटना में पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं है। कांग्रेस हर किसी प्रकार के मुद्दे पर घड़ियाली आंसू बहाती है। प्रदेश को बदनाम किया जा रहा है।

पूरा देश सन्न

दुष्कर्म के मामले में अब राष्ट्रीय स्तर पर राजनीति गर्माने लगी है। शुक्रवार को कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने इंटरनेट मीडिया पर की पोस्ट में लिखा है कि उज्जैन, मध्य प्रदेश में दिनदहाड़े फुटपाथ पर महिला के साथ दुष्कर्म की घटना अत्यंत भयावह है।

आज पूरा देश सन्न है कि हमारा समाज किस ओर जा रहा है। मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने भी इस मामले में कहा है कि पूरे मप्र में महिलाओं के साथ ऐसे मामले सामने आ रहे हैं। प्रदेश की कानून व्यवस्था ठप हो चुकी है।

Back to top button

You cannot copy content of this page