बालोद : माहुद में मासूम की कब्र से छेड़छाड़ !
खोदाई में कंकाल मिला, सिर गायब; तंत्र-मंत्र की आशंका से गांव में दहशत

गुंडरदेही (बालोद) hct : जिले के हल्दी चौकी अंतर्गत ग्राम माहुद-बी में एक दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना ने पूरे इलाके को सन्न कर दिया है। तीन वर्षीय प्रिया साहू को 9 अक्टूबर 2025 को परिजनों ने गांव के मुक्तिधाम मार्ग के समीप दफनाया था। हालांकि, रविवार सुबह जब कुछ ग्रामीण खेत की ओर जा रहे थे, तो उन्होंने दफन स्थल को असामान्य अवस्था में देखा। मिट्टी उखड़ी हुई थी और आसपास नींबू, चावल, अगरबत्ती, मिट्टी के दीये तथा मांस का टुकड़ा पड़ा मिला। इन वस्तुओं को देखकर ग्रामीणों ने आशंका जताई कि कब्र से किसी ने छेड़छाड़ की है। सूचना मिलते ही हल्दी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया।
प्रशासनिक अनुमति के बाद शुरू हुई प्रक्रिया

मृत बच्ची के पिता ने लिखित आवेदन देकर कब्र की विधिवत खुदाई की मांग की। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए गुंडरदेही एसडीएम प्रतिमा ठाकरे की अनुमति के बाद दोपहर 1:45 बजे प्रशासनिक निगरानी में खुदाई शुरू की गई। पुलिस, राजस्व अमला, पंचायत प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे। करीब चार फीट गहराई तक खुदाई के बाद कंकाल के अवशेष दिखाई दिए। ग्रामीणों ने सावधानीपूर्वक प्रक्रिया आगे बढ़ाई, लेकिन जब यह स्पष्ट हुआ कि कंकाल से सिर अनुपस्थित है, तो माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया।
सिर गायब, तंत्र-मंत्र की आशंका
कब्र से सिर न मिलने की पुष्टि होते ही गांव में भय और आक्रोश का मिश्रित माहौल बन गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि बीती रात कुछ संदिग्ध व्यक्तियों को उस दिशा में जाते देखा गया था। वहीं, दफन स्थल के आसपास मिले नींबू-चावल और अन्य सामग्री ने तंत्र-मंत्र की आशंका को बल दिया है। हालांकि पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है और वैज्ञानिक जांच की बात कही है।
छेड़छाड़ मामले में फॉरेंसिक जांच
खोदाई के बाद मिले कंकाल को पुलिस ने कब्जे में लेकर आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार अवशेषों को पहले गुंडरदेही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया जाएगा, जिसके बाद फॉरेंसिक प्रयोगशाला भेजने की तैयारी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल बीएनएस की धारा 301 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच जारी है।
ग्रामीणों में आक्रोश
घटना के बाद माहुद गांव में असामान्य सन्नाटा पसरा हुआ है। एक ओर जहां परिजन गहरे शोक में हैं, वहीं दूसरी ओर ग्रामीणों में असुरक्षा की भावना बढ़ गई है। सोमवार को गांव स्तर पर बैठक बुलाकर आगे की रणनीति तय करने की बात कही गई है। पुलिस की टीमें अलग-अलग पहलुओं पर जांच में जुटी हैं और संदिग्ध गतिविधियों की पड़ताल की जा रही है। फिलहाल पूरे इलाके की नजर इस बात पर टिकी है कि जांच किस दिशा में आगे बढ़ती है और प्रशासन कब तक स्थिति स्पष्ट कर पाता है।

