Crime

पैसों को लेकर हुआ विवाद, ठेला संचालक दंपती पर चाकू से हमला।

अंडे के पैसे मांगने पर बदमाशों ने ठेला संचालक दंपती पर चाकू से किया हमला, महिला घायल

HIGHLIGHTS

  1. अशोका गार्डन थाना क्षेत्र में हुई वारदात।
  2. महिला का अस्पताल में चल रहा उपचार।
  3. वारदात के बाद आरोपित फरार हो गए।

भोपाल : शहर के अशोका गार्डन थाना इलाके में अंडे के पैसे मांगने पर तीन बदमाशों ने ठेला लगाने वाले दंपती पर चाकू से हमला कर दिया और फरार हो गए। चाकू लगने से महिला के हाथ में गंभीर चोट लगी। घटना शुक्रवार रात की है। शिकायत मिलने पर पुलिस ने आपराधिक प्रकरण दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।

पैसों को लेकर हुआ था विवाद

अशोका गार्डन थाना पुलिस के मुताबिक 48 वर्षीय दुर्ग विजय सिंह औद्योगिक क्षेत्र में अंडे का ठेला लगाता है। व्यवसाय में पत्नी भी उसकी मदद करती है। शुक्रवार रात उसके ठेले पर कालू उर्फ अभिषेक, विनोद और विवेक तिवारी पहुंचे थे। उन्होंने खाने के लिए छह अंडे लिए थे, लेकिन सिर्फ चार अंडे के पैसे देकर जाने लगे। जब दुर्ग विजय ने पूरे पैसे देने को बोला, तो वे लोग गाली-गलौज करने लगे और वहां से चले गए।

बीच-बचाव में लगा चाकू

कुछ देर बात तीनों फिर लौटकर आए और दुर्ग विजय सिंह के साथ मारपीट शुरू कर चाकू से हमला करने लगे। पति को बचाने के लिए आगे आई पत्नी ने हिम्मत जुटाकर चाकू हाथ से पकड़ लिया। इससे उसकी हथेली में गहरा जख्म हो गया। मदद के लिए दंपती ने शोर मचाया, तो तीनों वहां से भाग निकले। आराोपितों में से अभिषेक के खिलाफ पहले से भी केस दर्ज हैं। पुलिस आरोपितों की तलाश कर रही है। घायल महिला का अस्पताल में उपचार चल रहा है।

Back to top button

You cannot copy content of this page