Crime

Bhopal News: एक ही कॉलोनी में दो घरों के ताले टूटे, लाखों का माल समेटकर चंपत हो गए चोर

शीतल सिटी कॉलोनी के जिन दो घरों में चोरी की वारदात हुई, उनके मालिक अपने परिवार के साथ अपने-अपने गांव गए थे। दोनों को लौटकर आने के बाद चोरी के बारे में पता चला। पुलिस ने चोरी की एफआईआर दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

HIGHLIGHTS

  1. बैरसिया की शीतल सिटी कॉलोनी में हुई वारदात।
  2. नकदी और जेवरात चुराकर फरार हो गए बदमाश।
  3. स्थानीय पुलिस अज्ञात चोरों की तलाश में जुटी है।

भोपाल Bhopal Crime News: बैरसिया तहसील में स्थित शीतल नगर कॉलोनी में चोरों ने दो सूने मकानों के ताले तोड़कर नकदी, जेवरात समेत लाखों का माल समेटकर चंपत हो गए। घटना के वक्त दोनों घरों के लोग परिवार सहित बाहर गए थे। लौटकर आने के बाद उन्हें घटना का पता चला।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने दोनों मामलों में एफआईआर दर्ज कर अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस इलाके में आसपास लगे सीसीटीवी की मदद से अज्ञात चोरों के बारे में सुराग तलाश रही है। कॉलोनी के लोगों से भी पूछताछ कर जानकारी जुटाई जा रही है।

त्योहार पर गांव गया था परिवार

बैरसिया पुलिस के मुताबिक सरवन प्रजापति शीतल सिटी कॉलोनी में परिवार के साथ रहते हैं और मूलत: खेजड़ा मिश्रा गांव के रहने वाले हैं। पांच सितंबर को वह परिवार के साथ तीज-त्योहर पर गांव गए हुए थे। उनके जाने के बाद घर खाली था। सरवन रविवार को लौटे तो घर का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो कमरे में रखे करीब 20 हजार रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवर गायब थे। चोरी गए सामान की कीमत करीब एक लाख रुपये है।

शिक्षक के घर को बनाया निशाना

इधर, शीतल सिटी कॉलोनी में ही रहने वाले घनश्याम मीणा के घर में भी चोरी हो गई। वह पेशे से शिक्षक हैं और मूलत: लालरिया क्षेत्र के रहने वाले हैं। मीणा परिवार के साथ शनिवार रात करीब 8 बजे घर में ताला लगाकर गांव गए हुए थे। सोमवार को लौटे तो ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था और घर में रखे पांच हजार रुपये नकद व सोने-चांदी के गहने गायब थे। पुलिस का कहना है कि छानबीन चल रही है। चोरों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Back to top button

You cannot copy content of this page