रायपुर hct : नवा रायपुर स्थित राज्योत्सव स्थल शहीद वीर नारायण सिंह प्रांगण में कांग्रेस के 85 वाँ राष्ट्रीय अधिवेशन के आयोजन स्थल में एक महिला उठाईगिरी का शिकार हो गई। सूत्रों के मुताबिक अधिवेशन स्थल के बाहर; बहुतों को स्टाल लगाकर दुकान लगाने के लिए बुलाया गया था ! ऐसे ही एक महिला स्व सहायता समूह से जुड़ी यह महिला भी शामिल होने आई थी।
उठाईगिरी की शिकार इस महिला ने आरोप लगाया है कि तीन थानों का चक्कर काटने के बाद भी पुलिस ने उसकी एफआईआर दर्ज नहीं की। इसके साथ ही महिला ने वहां उपस्थित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं कराने का भी दबाव बनाने का आरोप लगाया है। महिला ने 40 हजार रुपए चोरी होने का आरोप लगाया है।
कुम्हारी निवासी तारा अहमद के मुताबिक उनका एक महिला स्वसहायता समूह है। समूह की महिलाएं रकम एकत्रित कर आर्टिफिशियल ज्वेलरी बनाकर बेचने का काम करते हैं। पीड़ित महिला ने बताया कि उन्हें भी अधिवेशन स्थल के बाहर स्टाल लगाकर दुकान लगाने के लिए बुलाया गया था।
शनिवार को देर शाम वह दुकान में अकेली थी। इसी बीच एक युवक आया और नोटों से भरा थैला लेकर मौके से फरार हो गया। महिला के मुताबिक उसने नोट ले जाने वाले लड़के को देखा और उसका पीछा किया। गेट में लगे सीसीटीवी कैमरे में नोट ले जाने वाला लड़का दिखा भी।
मौके पर उपस्थित पुलिस के पास शिकायत करने के बाद महिला ने पुलिस द्वारा किसी तरह से मदद नहीं करने का आरोप लगाया। महिला के मुताबिक माना, राखी तथा अभनपुर थाने का चक्कर काटने के बाद भी पुलिस ने उसकी एफआईआर दर्ज नहीं की।
