गरियाबंद। पिछले 24 घंटे में से हो रही लगातार बारिश के मद्देनज़र जिले में सिकासार जलाशय से आज 17000 क्यूसेक्स पानी पैरी नदी में छोड़ा जा रहा है। वही प्राप्त सूचना के अनुसार सोढूर जलाशय से लगभग 10,000 क्यूसेक्स पानी सोढूर नदी में छोड़ा जा रहा है। इसी प्रकार महानदी में 100000 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। उक्त जानकारी एस के बर्मन कार्यपालन अभियंता जल संसाधन विभाग गरियाबंद द्वारा दी गई है।
जिले में औसत वर्षा 876.6 मि.मी. दर्ज
गरियाबंद जिले में 14 अगस्त 2022 की स्थिति में चालू मानसून सत्र में गत 01 जून से 14 अगस्त 2022 तक औसत वर्षा 876.6 मि.मी. दर्ज की गई है, जो आज तक की वर्षा का औसत वर्षा से 127.5 प्रतिशत है। भू-अभिलेख शाखा गरियाबंद से प्राप्त जानकारी के अनुसार अभी तक सबसे अधिक मैनपुर तहसील में 975.7 मि.मी कुल वर्षा दर्ज की गई है, जबकि सबसे कम गरियाबंद तहसील में 806.1 मि.मी. कुल वर्षा दर्ज की गई है। इसी तरह राजिम में 887.7 मि.मी., छुरा में 837.6 मि.मी. और देवभोग में 876.1 मि.मी. दर्ज की गई है। 14 अगस्त को सर्वाधिक वर्षा छुरा तहसील में 40.1 मि.मी. दर्ज की गई है। इसी प्रकार गरियाबंद तहसील में 27.6 मि.मी., राजिम तहसील में 38 मि.मी, मैनपुर तहसील में 19.9 मि.मी. और देवभोग तहसील में 27.8 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई है।