मोदी सरकार के स्वर्णिम आठ वर्ष सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण पर केंद्रित- सवन्नी

पत्रकारवार्ता में भाजपा प्रदेश महामंत्री ने लगाए प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर गंभीर आरोप।

गरियाबंद। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा नीत सरकार के आठ वर्ष पूरा होने पर प्रदेश भाजपा के आव्हान पर भाजपा प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सवन्नी एवं अशोक पांडेय ने गरियाबंद जिला मुख्यालय स्थित न्यू सर्किट हाउस में शुक्रवार को पत्रकारवार्ता ली। प्रदेश महामंत्री सवन्नी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आठ वर्षों का कार्यकाल सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण पर आधारित रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी , स्वयं को प्रधान सेवक मानते हैं, उनके संवेदनशील नेतृत्व ने केंद्रीय सत्ता और संगठन को सेवा का पर्याय ही बना दिया। पत्रकारवार्ता में बिन्द्रानवागढ़ विधायक डमरूधर पुजारी, पूर्व सांसद चंदूलाल साहू, पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय, जिलाध्यक्ष राजेश साहू, महामंत्री अनिल चंद्राकर, पुनितराम सिन्हा भी मौजूद थे।

पत्रकारवार्ता के दौरान भाजपा प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सवन्नी ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा का यही संकल्प है कि देश की जनता के साथ भारत को पुनः विश्वगुरु के पद पर विराजमान करने को लेकर परिश्रम करेंगे। आगे कहा की देश आज आजादी का अमृत महोत्सव भी मना रहा है और मोदी सरकार के आठ साल- सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को भी मना रहा है। सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण ये मोदी सरकार के काम करने का तरीका है, यही मोदी सरकार की आत्मा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इन आठ साल के कार्यकाल में कई अहम फैसले और कई बड़ी योजनाएं संचालित की गई है। सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण अंतर्गत, कोरोना के इस वैश्विक संकट में देश के सभी नागरिकों के लिए विश्वप्रसिद्ध दोनों टीके के दोनों डोज मुफ्त देने की सेवा से लेकर समूचे देश के पीड़ितों तक चिकित्सा एवं अन्य तमाम राहत सामग्री की सेवा सुलभ की गई है। सुशासन के तहत साम्प्रदायिक और तुष्टिकरण की राजनीति को विराम लगा है। कश्मीर से कन्याकुमारी तक भारत की एकता और अखंडता जितनी आज मजबूत है, वैसी पहले कभी नहीं रही। दुनियाभर में आज पीएम मोदी के सुशासन की पहचान है। उन्होंने कहा कि अनेक वैश्विक संगठनों ने मोदी को विश्व के सर्वश्रेष्ठ नेता का खिताब दिया है, यह हम सबके लिए गर्व की बात है। वहीं गरीब कल्याण को लेकर उन्होंने कहा कि देश के 80 करोड़ से अधिक नागरिकों तक अनवरत खाद्यान की आपूर्ति , कोरोना के वैश्विक संकट के दौरान सुनिश्चित करते रहने से बड़ा गरीब कल्याण और क्या हो सकता है ? प्रधानमंत्री मोदी ने सभी गरीबों के लिए छत की चिंता की, शुद्ध नल-जल उपलब्ध कराने से लेकर उन्हें आयुष्मान भारत के तहत मुफ्त चिकित्सा से लेकर तमाम कल्याणकारी योजनाओं से उन्हें जोडा। पिछले 8 वर्षों में देश की गरीबी 22 प्रतिशत से घटकर 10 प्रतिशत से नीचे आ गई है। कोरोना संकट के बावजूद अत्यंत गरीबी की दर भी एक प्रतिशत से कम 0.8 प्रतिशत पर स्थिर बनी हुई है। आठ साल की यह यात्रा देश की सोच को बदलने की यात्रा है।

पत्रकारवार्ता में भाजपा प्रदेश महामंत्री सवन्नी ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि दुर्भाग्य की बात है कि छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ गरीबों को नहीं मिल पा रहा है। गरीबों के 16 लाख आवास अटके पड़े हुये है। छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार केंद्र की योजनाओं को बाधित करने में लगी हुई है। आयुष्मान भारत के तहत लोगों को चिकित्सा का समुचित लाभ नहीं मिल पा रहा है। जल-जीवन मिशन कार्य में भी राज्य सरकार काफी पिछड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि राज्य की कांग्रेस सरकार हर मोर्चे में विफल साबित हुई है।

About Post Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *