गरियाबंद hct : जिले की पुलिस टीम द्वारा एक बड़ी कार्यवाही करते हुये, दो व्यक्तियों से 745 नग हीरे की बरामदगी की गई है। दोनों आरोपी ओडिसा के बताये जा रहे है। पुलिस इसे अब तक की सबसे बड़ी कार्यवाही बता रही है। जैसा कि मुखबिर की सूचना पर थाना शोभा एवं पुलिस की स्पेशल टीम द्वारा ये कार्यवाही की गई है।
जानकारी के अनुसार जिले की हीरा खदान पायलिखड़ से दो व्यक्ति स्लेटी रंग की स्कूटी में सवार, ग्राम शोभा के रास्ते ओडिसा की ओर जा रहे थे। दोनों व्यक्ति बिक्री की नीयत से अपने साथ हीरा रखे हुये थे। थाना प्रभारी शोभा द्वारा कुशियार बरछा कचना ध्रुवा के पास नाकाबंदी पॉइंट लगाया गया। इस पॉइंट पर आने जाने वाले वाहनों की सघन जांच के दौरान, मुखबिर द्वारा बताये गये हुलिये के दो व्यक्ति, पुलिस को देखकर हड़बड़ा गये और भागने लगे, जिसे सजगता के साथ घेराबंदी कर पकड़ा गया।
आरोपियों के पास से 745 नग हीरे बरामद
पकड़े गये व्यक्तियों ने पूछताछ में अपना नाम खोकन ढली पिता नीलाई ढली उम्र 48 वर्ष साकिनान बारसुंडी टोला, थाना रायघर जिला नवरंगपुर ओडिसा व विप्लव ढली पिता खकन ढली उम्र 19 वर्ष साकिन बारसुंडी टोला , थाना रायघर जिला नवरंगपुर बताया। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 745 नग हीरे मिले। जिसके संबंध में दोनों आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नही कर पाये। आरोपियों के विरुद्ध थाना शोभा में अपराध क्रमांक 10/2022 धारा 379 , 34, भा. द. वि. 4 (21) माइनिंग एक्ट के तहत कार्यवाही की गई।
पुलिस के द्वारा कागज की पुड़िया में जब्त हीरे की कीमत लगभग 50 लाख रुपये बताई जा रही है। उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी शोभा निरीक्षक जय सिंह ध्रुवे, प्रधान आरक्षक पुरुषोत्तम यादव, आरक्षक सोना लाल यादव, स्पेशल टीम प्र.आ. अंगदराव वाघ, प्र.आ. चूड़ामणि देवता, प्र.आ.जय प्रकाश मिश्रा, आरक्षक यादराम ध्रुव, हरीश साहू, सुशील पाठक रवि सिन्हा का सहयोग सराहनीय रहा।
