गरियाबंद। श्री राम नवमी के उपलक्ष्य में आज नगर में भगवान रामचंद्र की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। हिन्दू रक्षा मंच के तत्वाधान में आयोजित इस शोभा यात्रा में बड़ी संख्या में नगर सहित आस पास के नागरिक सम्मिलित हुये। शोभायात्रा सिविल लाइन स्थित श्री राम जानकी मंदिर से दोपहर दो बजे निकली। इसके पूर्व मंदिर में भंडारे का आयोजन किया गया था।
बीते कोरोना काल के बाद निकली इस शोभा यात्रा में नगर के युवाओं ने काफी उत्साह दिखाया। तिरंगा चौक सहित अनेक स्थानों में शोभायात्रा के आगमन पर पुष्प वर्षा की गई। पूरा नगर भगवा तोरण व पताकाओं से सुसस्जिद किया गया था। शोभायात्रा में अखाड़ा दल , डीजे व धुमाल मुख्य आकर्षण रहा।
इस दौरान नगर पालिका प्रशासन तथा पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। शोभा यात्रा से पहले नगर पालिका द्वारा नगर की साफ सफाई तथा सड़कों पर पानी छिड़काव का खास इंतजाम किया गया। जबकि चौक चौराहों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया।