गरियाबंद। देवभोग थाना अंतर्गत ग्राम छैलडोंगरी निवासी गजेंद्र सिन्हा के पुत्र के विवाह की तैय्यारी चल रही थी कि पड़ोस की महिला ने आंगन में रखी वैवाहिक सामग्री में आग लगा दी। गजेंद्र सिन्हा द्वारा पुलिस थाने में दी गई तहरीर के अनुसार पुत्र की शादी के लिये विभिन्न विवाह सामग्री घर के आंगन में रखी हुई थी, जिसे सीताबाई सिन्हा पति धनसिंह सिन्हा द्वारा आग लगा दिया गया।
महिला द्वारा उक्त कृत्य किये जाते वक्त गजेंद्र सिन्हा द्वारा रोका टोकी करने पर महिला ने बेख़ौफ़ होकर कहा कि मैंने आग लगा दी है अब तुझे जो करना है कर लेना। इतना ही नहीं सीताबाई ने गजेंद्र को धमकी देते हुए ये भी कहा है कि मैं देखती हूँ तुम्हारे लड़के की शादी किस तरह होती है।
गजेंद्र के अनुसार लगभग एक लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया है। महिला के उक्त कृत्य के विरुद्ध गजेंद्र सिन्हा ने पुलिस थाना देवभोग में तहरीर देकर कार्यवाही की मांग की है।
