Crime

आलू प्याज का रेट पूछने जाना व्यवसायी को पड़ा महंगा, ढाई लाख से भरा बैग लेकर भागे बाइक सवार

व्यापार विहार में आलू-प्याज का रेट पूछने गए व्यवसायी की एक्टिवा पर रखे बैग को चोर लेकर भाग निकले। बैग में ढाई लाख रुपये थे। उठाईगीरी की यह पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है। इसके सहारे पुलिस की टीम बदमाशों की तलाश में जुट गई है।

HIGHLIGHTS

  1. बिलासपुर संभाग के सबसे बड़े बाजार में हुई घटना।
  2. रुपयों से भरी बैग ले भागे चोर सीसीटीवी में कैद
  3. पुलिस की टीम बदमाशों की तलाश में जुट गई है।

 बिलासपुर। तारबाहर क्षेत्र का व्यापार विहार संभाग का सबसे बड़ा बाजार है। यहां पर संभाग के सभी शहरों से व्यापारी खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। गुरुवार की दोपहर आलू प्याज के थोक व्यापारी नारायण दास अपनी एक्टिवा से पास की दुकान में गए थे। इस दौरान उन्होंने ढाई लाख रुपयों से भरा बैग अपनी एक्टिवा पर छोड़ दी थी। वह दुकान के अंदर जाकर व्यवसायी से बातचीत कर रहे थे।

इसी दौरान बाहर खड़ा एक युवक बैग लेकर भागने लगा। सामने ही उसका दोस्त बाइक पर तैयार खड़ा था। दोनों बैग लेकर बाइक पर भाग निकले। यह पूरी घटना व्यापार विहार में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है। इधर उठाईगीरी की जानकारी मिलते ही व्यापारियों में हड़कंप मच गया। इधर उठाईगीरी की सूचना पर पहुंची तारबाहर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के सहारे बदमाशों के पहचान की कोशिश की जा रही है।
आसपास नजर दौड़ाने के बाद घटना को दिया अंजाम
व्यापार विहार में लगे सीसीटीवी में दो बदमाश कैद हुए हैं। एक व्यक्ति बाइक पर बैठा है। उसका साथी बाइक से उतरकर टहलते हुए एक्टिवा तक गया। पहले कुछ देर उसने इधर-उधर नजर दौड़ाई। इसके बाद एक्टिवा से बैग उठाकर भागते हुए अपने साथी तक पहुंचा। इसके बाद दोनों बाइक से भाग निकले। इधर व्यवसायी को इसकी भनक तक नहीं लग सकी। बातचीत के बाद जब वे अपनी एक्टिवा के पास आए तो चोरी की जानकारी हुई। तत्काल इसकी जानकारी व्यापारियों को देकर पुलिस को सूचना दी गई।
शहर में चल रही तलाश, खंगाले जा रहे सीसीटीवी फुटेज
उठाईगीरी की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है। व्यापार विहार के साथ ही शहर में लगे सीसीटीवी से बदमाशों के आने-जाने वाले रास्तों की जानकारी जुटाई जा रही है। इसके अलावा पुलिस की टीम आसपास के जिलों से भी संपर्क में है। देर रात तक बदमाशों के संबंध में कोई सुराग नहीं मिल पाया था।

Back to top button

You cannot copy content of this page