गरियाबंद में चरित्र-लांछन का खौफनाक अंत
दो महिलाओं ने मिलकर; एक महिला को पहले प्रताड़ित किया फिर पीट-पीटकर मार डाला

मैनपुर hct : छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। विकासखण्ड मैनपुर के शोभा थाना क्षेत्र अंतर्गत, ओडिशा सीमा से लगे ग्राम गरीबा में आपसी रंजिश और चरित्र लांछन के चलते एक महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई।
मृतिका की पहचान सुमित्रा नेताम (37 वर्ष), पति दलसुराम नेताम के रूप में हुई है, जो गांव से लगभग 800 मीटर दूर खेत की लारी में अकेली रहती थी।
आरोप है कि गांव की ही निवासी सुगंतिन नेताम (36 वर्ष) और ईतवारिन बाई (46 वर्ष) के साथ उसकी पूर्व में घनिष्ठता थी, जो समय के साथ तीखे विवाद में बदल गई।

चरित्र लांछन बना टकराव की जड़
पुलिस जांच में सामने आया है कि सुमित्रा नेताम द्वारा गांव में लगातार दोनों महिलाओं के चरित्र को लेकर आरोप लगाए जा रहे थे। इससे सामाजिक बदनामी और मानसिक प्रताड़ना से आहत दोनों महिलाओं में गहरा आक्रोश पनप गया।
पहले प्रताड़ना, फिर बेरहमी से हत्या
घटना के दिन दोनों आरोपी महिलाएं सुमित्रा की लारी में पहुंचीं। आरोप है कि उन्होंने पहले उसके साथ मारपीट की, फिर अमानवीय तरीके से उसके गुप्तांग में मिर्ची और अन्य ज्वलनशील पदार्थ डालकर उसे गंभीर यातना दी। इसके बाद लात-घूंसों और डंडे से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी गई।
इसे भी पढ़ें : महासमुंद में नशे के सौदागरों पर बड़ा प्रहार, 48 घंटे में 90 किलो से अधिक गांजा जब्त
सूचना, जांच और पुलिस कार्रवाई
घटना की सूचना ग्राम सरपंच द्वारा शोभा थाना पुलिस को दी गई। क्षेत्र के नक्सल प्रभावित और दुर्गम होने के कारण पुलिस टीम 02 फरवरी को मौके पर पहुंच सकी। पुलिस ने घटनास्थल की जांच कर शव का पोस्टमार्टम कराया और मृतिका का शव परिजनों को सौंप दिया।
थाना प्रभारी का आधिकारिक बयान
शोभा थाना प्रभारी एवं एएसआई नकुल सिदार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि चरित्र लांछन और बदनामी से क्षुब्ध होकर दोनों महिलाओं ने मिलकर सुमित्रा नेताम की हत्या की। आरोपियों से पूछताछ जारी है और प्रकरण में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


